Site icon Yashbharat.com

आतंकी धमाकों के बाद श्रीलंका में दो प्रमुख केबल ऑपरेटर्स ने ब्लॉक किया जाकिर नाइक के पीस टीवी का प्रसारण

jakir naik

कोलंबो। श्रीलंका के दो मुख्य केबल ऑपरेटर ने विवादास्पद इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक के पीस टीवी चैनल का प्रसारण बंद कर दिया है। ईस्टर के दिन चर्च और होटलों में हुए आत्मघाती धमाकों के बाद केबल ऑपरेटर “डॉयलॉग” और “एसएलटी” ने यह कदम उठाया है। इन धमाकों से 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस बीच यह भी जानकारी मिली है कि ईस्टर के दिन 21 अप्रैल को आठ जगह हुए हुए धमाकों में मारे गए छह चीनी नागरिकों में से चार वैज्ञानिक थे। ये सभी श्रीलंका और चीन के बीच संयुक्त वैज्ञानिक सहयोग के सिलसिले में श्रीलंका आए थे।

जहां तक जाकिर नाइक के पीस टीवी को बंद करने की बात है, तो दोनों केबल ऑपरेटर ने इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मगर, चैनल के प्रसारण को ब्लॉक कर दिया गया है। श्रीलंका सरकार ने भी अभी पीस टीवी पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। पीस टीवी को भारतीय संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन ने 2006 में लॉन्च किया था। साल 2009 में इसका उर्दू और 2011 में बांग्ला संस्करण लॉन्च हुआ। नाइक पर इस चैनल के जरिए युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने का आरोप है।

इसके चलते वह भारत में वांछित है और उसका पीस टीवी प्रतिबंधित है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह 2016 में भारत छोड़कर मलेशिया चला गया था। भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) उसके खिलाफ आतंकवाद और मनी लांड्रिंग के मामलों की जांच कर रही है। भारत के अलावा बांग्लादेश में भी उसके पीस टीवी को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

साथ में यात्रा न करें नेता

श्रीलंका की खुफिया एजेंसी ने देश के मुख्य नेताओं को साथ में यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना, प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे और विपक्षी नेता महिंदा राजपक्षे को सजग रहने की सलाह दी गई है। उन्हें किसी धार्मिक स्थल पर हो रहे कार्यक्रमों में शरीक होने से बचने को भी कहा गया है।

Exit mobile version