Site icon Yashbharat.com

आज रात नौ बजे, नौ मिनट तक जलाना है दिया, पीएम मोदी की लोगों से अपील

2020 modi tweet covid19

नई दिल्ली । कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में आज यानी पांच अप्रैल को देश एक बार फिर एकजुट दिखेगा। इस महामारी के अंधकार को चुनौती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देश के 130 करोड़ लोग रात नौ बजे नौ मिनट के लिए दीया जलाएंगे। यह दीप जलाना इस बात का प्रतीक होगा कि कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में कोई अकेला नहीं है।

तीन अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो संदेश में देश की जनता से यह अपील की थी। उन्होंने कहा था कि इस रविवार रात नौ बजे नौ मिनट के लिए हर व्यक्ति घर की सभी लाइटें बंद करके अपने दरवाजे या बालकनी में आकर दीया, मोमबत्ती, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाए। चारों तरफ जब हर व्यक्ति एक-एक दिया जलाएगा, तब प्रकाश की महाशक्ति का अनुभव होगा। यह उजागर होगा कि एक ही मकसद से हम सब लड़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि उस प्रकाश के बीच हम सब अपने मन में संकल्प करें कि हम अकेले नहीं हैं। 130 करोड़ भारतीय एक ही संकल्प से बंधे हैं। हमारे उत्साह से बड़ी कोई ताकत नहीं है। कोरोना के विरुद्ध युद्ध को भी इसी उत्साह से जीतना है।

अटल को किया याद

शनिवार को मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक वीडियो क्लिप ट्वीट करते हुए लोगों को फिर दीप जलाने के संकल्प की याद दिलाई। इस वीडियो क्लिप में वाजपेयी अपनी एक प्रसिद्ध कविता का पाठ करते दिख रहे हैं। इस कविता की पंक्तियां कुछ इस तरह हैं-भरी दुपहरी में अंधियारा, सूरज परछाईं से हारा, अंतरतम का नेह निचोड़ें, बुझी हुई बाती सुलगाएं, आओ फिर से दीया जलाएं। मोदी ने अपने संदेश में विशेषतौर पर उल्लेख किया कि लोग दीप जलाने की इस प्रक्रिया में भी एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने के निर्देशों का पूरा पालन करें। कहीं भी एकत्र होकर दीया जलाने जैसे समारोह का आयोजन नहीं किया जाए। लॉकडाउन का पूरी सख्ती से पालन करते हुए अपनी छतों, बालकनी या दरवाजे पर ही दीया जलाना है। स्पष्ट तौर पर प्रधानमंत्री का इशारा उन घटनाओं की ओर था, जब जनता क‌र्फ्यू के दिन कुछ लोग ताली, थाली बजाने के लिए गलियों में उतर आए थे।

Exit mobile version