आकर्षक चित्रकारी से कलाकारों ने दिया प्रेरणादायी संदेश
जबलपुर स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल
जबलपुर । शहर को सुंदर बनाने और प्रेरणादायी संदेशों को जन जन तक पहुंचाने आज से जबलपुर स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। नगर निगम और स्मार्ट सिटी कम्पनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुए स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल में शहर के अलावा अन्य शहरों के कलाकार भी भाग ले रहे हैं। जबलपुर स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल के पहले दिन कलाकारों ने नगर निगम मुख्यालय, मदन महल स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों के साथ ही शहर के अनेक प्रमुख चौराहों और सड़कों के समीप की दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से आम जनमानस को स्वच्छता, बेटी बचाने, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण सहित जनहित के अन्य विषयों पर सजग रहने का संदेश दिया। इस संबंध में निगमायुक्त एवं स्मार्ट सिटी कम्पनी लिमिटेड के कार्यपालिक निदेशक श्री चंद्रमौलि शुक्ल ने बताया कि जबलपुर में पहली बार स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस तरह के फेस्टिवल अब तक महानगरों में ही होते आ रहे हैं लेकिन शहर को साफ सुथरा, सुंदर और आकर्षक बनाने के मकसद से कलाकारों की सहभागिता से यहां भी यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जबलपुर आर्ट फेस्टिवल 25 नवम्बर तक चलेगा।

