अवैध शराब के खिलाफ कटनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 हजार किलो महुआ लाहन नष्ट,बरही पुलिस ने 4,000 किलो महुआ लाहन और 25 लीटर कच्ची शराब नष्ट की, स्लीमनाबाद में 16 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त

अवैध शराब के खिलाफ कटनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 हजार किलो महुआ लाहन नष्ट,बरही पुलिस ने 4,000 किलो महुआ लाहन और 25 लीटर कच्ची शराब नष्ट की, स्लीमनाबाद में 16 लीटर अवैध महुआ शराब जब्
कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ कटनी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ एवं स्लीमनाबाद क्षेत्र में पुलिस टीमों ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ लाहन एवं कच्ची महुआ शराब बरामद कर नष्टीकरण व जब्ती की कार्रवाई की।
बरही में 4 हजार किलो महुआ लाहन नष्ट
अनुभाग विजयराघवगढ़ के थाना बरही अंतर्गत ग्राम खिरहनी के पारधी टोला में एसडीओपी श्री वीरेंद्र धार्वे एवं थाना प्रभारी बरही निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे के नेतृत्व में बरही एवं विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान करीब 265 कंटेनरों में भरा लगभग 4,000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने मौके पर ही महुआ लाहन को नष्ट कराया। इसके अलावा करीब 25 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपये है, का भी नष्टीकरण किया गया।
स्लीमनाबाद में 16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
इधर, थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के नेतृत्व एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में ग्राम सिहुड़ी में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी गुड्डा सपेरा के कब्जे से 6 लीटर, मीना बाई सपेरा के कब्जे से 5 लीटर तथा सरस्वती बाई सपेरा के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद की। कुल 16 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6,400 रुपये है, जब्त की गई। मौके पर शराब निर्माण में प्रयुक्त महुआ लाहन को भी नष्ट कराया गया। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
बरही की कार्रवाई में थाना प्रभारी बरही निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक विनोद कांत सिंह, सउनि दिनेश सिंह बघेल, सउनि देवचंद भलावी सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं स्लीमनाबाद की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार विश्वकर्मा, उनि काशीराम झारिया, मथुरा प्रसाद, सउनि जुबेर अली, सउनि मानकी धुर्वे, प्रधान आरक्षक तेज प्रकाश सिंह, प्रेमशंकर पटेल, आरक्षक अभिषेक एवं महिला आरक्षक नेहा शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।








