Latest

अब तक 2 हजार 400 मामले: इनमें से 400 तब्लीगी जमात के चलते संक्रमित हुए

नई दिल्ली. कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या 2 हजार 400 हो गई है। केंद्र सरकार के मुताबिक, इनमें से करीब 400 लोग ऐसे हैं, जो तब्लीगी जमात की वजह से संक्रमण की चपेट में आए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा- अलग-अलग राज्यों में संपर्कों की पड़ताल के बाद हमें 400 ऐसे संक्रमित मिले हैं, जो निजामुद्दीन मरकज और तब्लीगी जमात के केंद्र से संबंधित हैं। इसके बाद, गृह मंत्रालय ने तब्लीगी जमात में शामिल होने पहुंचे 906 विदेशियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इनका वीजा भी निरस्त कर दिया गया है। इन लोगों पर फॉरेनर्स एक्ट 1946 और आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। गृह मंत्रालय ने दिल्ली समेत दूसरे राज्यों को इन विदेशियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है।

इधर, देश में गुरुवार को 341 नए मामले सामने आए। कुल 2 हजार 400 में से 181 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 69 लोगों की जान चली गई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, दोपहर 4 बजे तक देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 हजार 967 है। इनमें से 1 हजार 764 का इलाज चल रहा है। 150 ठीक हो चुके हैं और 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

जमात से जुड़े लोग देश भर में फैल चुके हैं

स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को कहा- मरकज से संबंधित सबसे ज्यादा 173 मामले तमिलनाडु में सामने आए हैं। आंध्र प्रदेश में 67, दिल्ली में 47, तेलंगाना में 33, कश्मीर में 22, असम में 16, राजस्थान में 11, अंडमान-निकोबार में 9 और पुडुचेरी में 2 संक्रमित मिले हैं। अभी अतिरिक्त टेस्टिंग की जा रही है और मामले बढ़ने की संभावना है। इधर, गुरुवार को कोरोना ने अरुणाचल प्रदेश में भी दस्तक दे दी। यहां संक्रमण का पहला सामने आया। अब देश के 26 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण फैल चुका है। गुरुवार को जहां 341 मामले मिल चुके हैं, वहीं मंगलवार से बुधवार तक 24 घंटे में रिकॉर्ड 437 नए केस सामने आए थे।

अस्पताल में भर्ती जमातियों से स्टाफ को खतरा

दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से निकाले गई जमातियों पर लगातार बदसलूकी के आरोप लग रहे हैं। दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. जेसी पासे ने बताया है कि तब्लीगी जमात में शामिल 188 लोग उनके यहां भर्ती हैं। इनमें से 24 की रिपार्ट आई है। 23 को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कई जमाती टेस्ट कराने से मना कर रहे हैं। उनसे स्टाफ को खतरा था। ऐसे में जिन तीन ब्लॉक में जमातियों को रखा गया है, वहां पुलिस तैनात कर दी गई है।

26 राज्यों में और चार केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना

राज्य कितने संक्रमित कितनी मौत कितने ठीक हुए
महाराष्ट्र 418 19 42
केरल 286 2 28
तमिलनाडु 309 1 6
दिल्ली 219 4 6
तेलंगाना 127 9 14
राजस्थान 133 2 3
उत्तरप्रदेश 121 2 17
कर्नाटक 121 3 9
आंध्रप्रदेश 143 0 2
मध्यप्रदेश 100 8 0
गुजरात 87 7 7
जम्मू-कश्मीर 70 2 3
पंजाब 47 4 1
हरियाणा 49 0 27
प.बंगाल 53 3 6
बिहार 24 1 0
चंडीगढ़ 18 1 0
लद्दाख 13 0 3
असम 16 0 0
अंडमान-निकोबार 10 0 0
छत्तीसगढ़ 9 0 0
उत्तराखंड 7 0 0
गोवा 5 0 0
ओडिशा 5 0 1
हिमाचल प्रदेश 3 1 1
पुडुचेरी 3 0 0
मणिपुर 2 0 0
मिजोरम 1 0 0
झारखंड 2 0 0
अरुणाचल प्रदेश 1 0 0

Back to top button