अब गुटखा, पान की पीक कही भी थूक देना मंहगा पड़ेगा
जबलपुर। शहरवासियों को अब गुटखा पान की पीक कही भी थूक देना मंहगा पड़ेगा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की आज निगमायुक्त चंद्रमौली शुक्ला ने की। समीक्षा के दौरान उन्होंने डोर टू डोर कचरा कलेशन करने की प्रगति पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए एस्सेल कम्पनी के प्रतिनिधियों को कड़े लहजे में व्यवस्था में सुधार लाने की चेतावनी दी। निगमायुक्त श्री शुक्ल ने बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी, कर्मचारी स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 के लिये तैयार हो जाये।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शहर में दिखे की कोई खुले में शौच या टायलेट कर रहा हो अथवा पान-गुटखा खाकर सड़कों, चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर थूक रहे हो तो उसी वक्त संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध स्पॉट फाईन की कार्यवाही कर नगद राशि की वसूली की जावे।
बैठक में उन्होंने कहा कि पॉलिथिन के क्रय-विक्रय एवं भंडारण को भी प्रतिबंधित किया गया है. इस प्रतिबंधात्मक पॉलिथिन का उपयोग करने वाले तथा भंडारण करने वालों के विरूद्ध भी अभियान चलाकर जप्ती कार्यवाही की जावे। उन्होंने इसके साथ-साथ नाला-नालियों की सफाई के युद्ध स्तर पर कराने तथा शौचालयों एवं मूत्रालयों में पर्याप्त बेहतर व्यवस्थायें सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिये. बैठक में अपर आयुक्त गजेन्द्र सिंह नागेश, उपायुक्त राकेश अयाची, कार्यपालन यंत्री राजवीर नयन, जीएस मरावी, सुनील दुबे, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य निरीक्षण अगस्ते, कंस्ल्टेंट आशीष पाटकर तथा एस्सेल कम्पनी के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

