Site icon Yashbharat.com

इंस्टाग्राम में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रील बना रहे युवा, पुलिस से कार्रवाई की मांग

IMG 20260227 163149 217x300 1

Oplus_16908288

कटनी(YASHBHARAT.COM)। इंस्टाग्राम रील्स के लिए रील बना रहे युवा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। जैसे कि मोटर सायकल को लहराते हुए चलाना, कार की छत पर बैठना, स्टंट करना और चलती कारों के दरवाजे खोलकर खतरनाक वीडियो बनाना। इस तरह की गतिविधियों से न केवल उनकी जान जोखिम में पड़ती है बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।

शहर में भी ऐसे कई युवा वर्ग के लोग हैं जो इंस्टाग्राम रील्स के मोटर सायकल व कार पर स्टंट करते हुए रील बना रहे हैं। इनमें से कई इंस्टाग्राम रील्स ऐसी हैं, जिसमें कुछ युवा रील बनाते हुए अभद्र गाली गलौज भी कर रहे हैं, जिसे सम्य समाज में तो कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। कई शहरों में पुलिस ने ऐसे मामलों में संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की है और सख्त चेतावनी दी है लेकिन कटनी में अभी इस तरह की रील्स पर कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।

शहरवासियों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा व यातायात प्रभारी राहुल पांडे का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए इस तरह की रील्स बनाकर सभ्य समाज में असभ्यता फैलाने वाले असामाजिक युवाओं पर कार्रवाई की मांग की है। वैसे भी इंस्टाग्राम की निगरानी यदि पुलिस करने लगे तो उसे इस तरह की कई रील्स देखने को मिल जाएंगी। जिसमें बाइक सवार बिना हेलमेट और कार चालक बिना सीट बेल्ट लगाए यातायात के नियमों का उल्लंघन करते हुए रील बनाते नजर आ जाएंगे। वैसे भी वर्तमान समय में युवाओं के बीच रील के लिए स्टंट करना एक प्रमुख प्रवृत्ति बन गई है, जिसके चलते पुलिस को भी सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा देना चाहिए।

पुलिस ने दी चेतावनी

पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और वाहनों को भी जप्त किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करें। रील बनाने के लिए सुरक्षित स्थान का चयन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें। गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें।

Exit mobile version