Site icon Yashbharat.com

क्षतिग्रस्त बिजली का खंभा गिरने से युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

IMG 20251229 WA0045

कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कौड़िया गांव में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव में लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा बिजली का खंभा अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कौड़िया निवासी मुकेश शुक्ला (पिता जमुना शुक्ला) खंभा गिरने की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 2376 से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली का उक्त खंभा कई दिनों से क्षतिग्रस्त अवस्था में था। इसकी शिकायत विद्युत विभाग को बार-बार की गई, बावजूद इसके कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते खंभे की मरम्मत या बदलाव किया गया होता तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर विद्युत ढांचे और विभागीय उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version