शिकार के लिए लगाए करंट की चपेट में युवक की मौत, शव कुएं में छिपाया; पांच आरोपी गिरफ्तार
शिकार के लिए लगाए करंट की चपेट में युवक की मौत, शव कुएं में छिपाया; पांच आरोपी गिरफ्ता
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए युवक के शव को जंगल में स्थित एक पुराने सूखे कुएं में छिपा दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की रात करहैया निवासी साहिल वासुदेव जंगल की ओर गया था। अगले दिन उसकी करंट लगने से मौत होने की जानकारी सामने आई। सूचना पर कुठला पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें बिजली का करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों और साक्षियों के बयान दर्ज किए। संदेही प्रकाश कोल के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि 17 अगस्त की शाम प्रकाश कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन और साजन बर्मन ने जंगली जानवरों के शिकार की योजना बनाई थी।
आरोपियों ने बडेरी भटिया जंगल में लकड़ी की खूंटियों के सहारे लोहे की तार जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाई और उसे जंगल के पास से गुजर रही बिजली की लाइन से जोड़ दिया। रात करीब दो बजे आरोपी शिकार देखने पहुंचे तो वहां साहिल करंट की चपेट में मृत मिला। इसके बाद आरोपियों ने घटना छिपाने के उद्देश्य से शव को उठाकर जंगल में स्थित पुराने सूखे कुएं में डाल दिया। घटना में प्रयुक्त लोहे की तार को भी शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस ने मामले में राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल (27), रोशन कोल (25), रूपेश बर्मन (27), साजन बर्मन (22) और प्रकाश कोल (32), सभी निवासी कन्हवारा थाना कुठला, को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ कुठला थाने में अपराध क्रमांक 743/26 के तहत बीएनएस की धारा 105 एवं 238(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल यादव, प्रधान आरक्षक ताहिर खान, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, बुद्धू कुमार, अभय यादव सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।