Site icon Yashbharat.com

कटनी: प्लास्टिक मुक्त अभियान में युवाओं ने किया सराहनीय कार्य, प्रोजेक्ट परिवर्तन का प्रथम चरण संपन्न

IMG 20241207 WA0000

कटनी। प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों को रोकने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय समूह ‘विज़न’ द्वारा संचालित प्रोजेक्ट परिवर्तन का पहला चरण सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। यह अभियान पिछले दो महीनों से शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर चलाया गया।

प्लास्टिक प्रदूषण रोकने की मुहिम

सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले विषाक्त रसायनों के स्राव और उससे मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए ‘विज़न’ ने गोल बाजार, मेन रोड, झिंझरी, माधव नगर, कैंप, बस स्टैंड और पन्ना मोड़ जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में विक्रेताओं को जागरूक किया। इस दौरान प्लास्टिक की जगह पेपर बैग वितरित किए गए।
अभियान के तहत युवाओं ने नवाचार करते हुए घर पर बने प्लास्टिक मुक्त स्टिकर्स दुकानों में लगाए, जिससे व्यापारी और ग्राहक जागरूक हों। विक्रेताओं ने इस पहल का गर्मजोशी से समर्थन किया और अपने अनुभव साझा किए।

द्वितीय चरण की तैयारी

प्रथम चरण के समापन के बाद अब अभियान का दूसरा चरण शुरू होने की तैयारी है। समूह अध्यक्ष आशुतोष माणके ने बताया कि छात्रों की परीक्षाओं और प्रशिक्षण सत्र के बाद द्वितीय चरण की शुरुआत होगी। इसमें स्कूलों और अन्य संस्थानों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही दुकानों से संपर्क और अभियान की निगरानी जारी रहेगी।

राज्य स्तर पर सराहना

प्रोजेक्ट परिवर्तन को लेकर राज्य स्तर पर भी इसकी सराहना हो रही है। अधिकारियों ने समूह के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया है। अध्यक्ष आशुतोष माणके ने कहा, “यह अभियान सकारात्मक सोच के साथ निरंतर जारी रहेगा, और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाले इस अभियान से कटनी का हर नागरिक प्लास्टिक मुक्त भारत के सपने को साकार करने में योगदान दे सकता है।

Exit mobile version