कबाड़ की दुकान में करंट लगने से युवक की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा

कबाड़ की दुकान में करंट लगने से युवक की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगाम
कटनी। दुर्गा चौक, खिरहनी क्षेत्र में गुरुवार को कबाड़ की दुकान में काम करने के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गड्ढाटोला निवासी करीब 22-23 वर्षीय सौरभ वंशकार के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सौरभ खिरहनी स्थित मुकेश कबाड़ी की दुकान में काम करता था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान ग्राइंडर मशीन अचानक खराब हो गई थी। सौरभ मशीन को ठीक करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद दुकान में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद सौरभ को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर जमकर हंगामा किया। परिजनों की ओर से घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, ग्राइंडर मशीन की स्थिति तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच कर रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।








