अखिलेश से मिले हो...: सरकारी बीज की कालाबाजारी पकड़ने पहुंचे बीजेपी विधायक ने गोदाम प्रभारी को जड़े थप्पड़ महोबा (उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की चरखारी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक बृजभूषण राजपूत एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। किसानों को बांटे जाने वाले सरकारी चने के बीज की कथित कालाबाजारी की सूचना पर राजकीय कृषि बीज भंडार पहुंचे विधायक और गोदाम प्रभारी सोनू यादव के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि गुस्से में आए बीजेपी विधायक ने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। किसानों के बीज की कालाबाजारी का दावा जानकारी के अनुसार, विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना मिली थी कि चरखारी स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से किसानों के लिए आया चने का बीज बाहर कहीं दूसरी जगह भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एक पिकअप वाहन में चने के बीज की करीब 100 बोरियां (अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये) लदी पाई गईं। विधायक ने आरोप लगाया कि किसानों को बांटे जाने वाले मुफ्त सरकारी बीज को मंडी में बेचने या निजी लाभ के लिए हेराफेरी करने की तैयारी की जा रही थी। 'अखिलेश से मिले हो...': गोदाम प्रभारी पर भड़के विधायक मौके पर पहुंचे विधायक बृजभूषण राजपूत ने जब गोदाम प्रभारी सोनू यादव से वाहन में लदी बोरियों, चालान और विभागीय आदेश के दस्तावेज मांगे, तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। संतुष्ट जवाब न मिलने पर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने गोदाम प्रभारी पर किसानों का हक मारने का आरोप लगाते हुए कहा, "तुम अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी से मिले हुए हो?" इसके बाद विधायक ने प्रभारी को थप्पड़ मार दिए। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है। प्रशासन की कार्रवाई: मुकदमा दर्ज, 3 हिरासत में घटना की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग के आला अधिकारी और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पिकअप गाड़ी और चने के बीज की सभी 100 बोरियों को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर चरखारी कोतवाली में गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। अखिलेश से मिले हो...: सरकारी बीज की कालाबाजारी पकड़ने पहुंचे बीजेपी विधायक ने गोदाम प्रभारी को जड़े थप्पड़ विधायक की सफाई मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा: "सरकारी गोदाम से किसानों को बांटा जाने वाला बीज मंडी में बेचा जा रहा था। जब हमने गोदाम प्रभारी से कागजात और उच्च अधिकारियों के आदेश मांगे, तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ था। किसानों के हक पर डाका डालने वाले भ्रष्ट कर्मचारियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।" पुराने विवादों से भी रहा है नाता बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत अपने बयानों और हरकतों को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। इससे पहले फसल बीमा सर्वेयरों को कथित रूप से 'घाघरा-चोली और पेटीकोट' पहनाने के विवाद के चलते वह सुर्खियों में आए थे। अब सरकारी कर्मचारी को थप्पड़ मारने के इस ताजा वीडियो के बाद एक बार फिर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।