कटनी: महाविद्यालय में विश्व AIDS जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला आयोजित – छात्रों ने HIV/एड्स बचाव व जागरूकता पर की प्रभावी प्रस्तुति

कटनी: महाविद्यालय में विश्व AIDS जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला आयोजित – छात्रों ने HIV/एड्स बचाव व जागरूकता पर की प्रभावी प्रस्तुति।  छात्रों में एड्स से संबंधित सही जानकारी, रोकथाम के उपाय और सामाजिक जागरूकता का प्रसार करने हेतु विश्व एड्स जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में गुरूवार को एक विशेष कार्यशाला सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

          कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों तथा रेड रिबन क्लब के छात्रों द्वारा एड्स के कारण, लक्षण, बचाव, उपचार तथा जागरूकता पर आधारित अत्यंत प्रभावी प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की प्रस्तुति में तथ्यात्मक जानकारी, स्लाइड शो, प्रश्नोत्तर, पोस्टर प्रदर्शन और जागरूकता संदेश शामिल थे, जिन्हें उपस्थित संकाय सदस्यों ने सराहा।

          कार्यक्रम में जिला हॉस्पिटल कटनी से पहुंचे मुख्य अतिथि श्री हेमंत श्रीवास्तव ने कहा कि “एड्स के प्रति जागरूकता ही इसका सबसे बड़ा बचाव है। युवाओं को सही जानकारी और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की दिशा में आगे आना चाहिए।” वहीं श्री राघवेंद्र शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “समाज में जागरूकता फैलाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसी गतिविधियाँ एड्स से जुड़े मिथकों और भ्रम को दूर करने में अत्यंत उपयोगी हैं।”

          इसके अलावा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेई ने कहा कि “महाविद्यालय का लक्ष्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों में छात्रों को जागरूक और जिम्मेदार बनाना भी है। यह जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में प्रेरित करता है।”

          कार्यक्रम का संचालन डॉ. रुक्मणि प्रताप सिंह द्वारा किया गया। वही डॉ. माधुरी गर्ग ने आभार प्रदर्शन किया।

अंत में सभी छात्रों को एड्स जागरूकता से जुड़े संदेशों को स्वयं अपनाने और समाज में फैलाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रो. व्ही. के. द्विवेदी, प्रो. ज्योत्स्‍ना आठ्या, डॉ सूचि सिंह,  डॉ. ज्ञानेंद्र मोहन श्रीवास्तव, डॉ. विजय कुमार, डॉ. सुशील मिश्रा, शिक्षक–शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्रों की उपस्थिति रही।

Exit mobile version