यूनियन बैंक के एटीएम में कार्ड बदलकर महिला से एक लाख की ठगी

कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक अज्ञात जालसाज ने चालाकी से महिला का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से एक लाख रुपये पार कर दिए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुशीला कोल (45 वर्ष), निवासी बावली टोला, मदन मोहन चौबे वार्ड, बीते 3 फरवरी 2025 को सुबह लगभग 10:30 बजे बरगवां स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने महिला का एटीएम पिन देख लिया और नजर बचाकर उसका कार्ड बदल दिया। इसके बाद महिला को ठगी का अहसास तब हुआ जब उसके खाते से पैसे कटने के मैसेज मोबाइल पर आए। इसके बाद पीड़िता ने रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। रंगनाथ नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

Exit mobile version