केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट से संदिग्ध हालात में लापता हुए IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार, ED की छापेमारी से जुड़ रहे तार

केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट से संदिग्ध हालात में लापता हुए IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार, ED की छापेमारी से जुड़ रहे तार

यश भारत। कर्नाटक कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार के अचानक और रहस्यमय तरीके से लापता होने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। गुरुवार (20 अगस्त) की सुबह वे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए। तब से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और उनसे या उनके परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

बेंगलुरु पुलिस ने आईएएस अधिकारी की तलाश शुरू कर दी है और हवाई अड्डे के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दिल्ली जाने के लिए निकले थे घर से

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एमएसएमई (MSME) के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत ज्ञानेंद्र कुमार ने दिल्ली के लिए फ्लाइट का टिकट बुक कराया था। वे अपने घर से दिल्ली जाने की बात कहकर ही निकले थे, लेकिन वे विमान में सवार हुए या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

ED की रेड और पशु चिकित्सा भर्ती घोटाला

ज्ञानेंद्र कुमार के लापता होने की घटना प्रवर्तन निदेशालय (ED) की उस कार्रवाई के ठीक एक दिन बाद सामने आई है, जो पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़ी है।

बुधवार को ईडी द्वारा की गई छापेमारी के तुरंत बाद आईएएस अधिकारी का फोन बंद होना और उनका गायब होना कई तरह के गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने इस पूरे मामले की जानकारी बेंगलुरु नगर पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह को दी है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे एयरपोर्ट से कहाँ गए।

Exit mobile version