Site icon Yashbharat.com

West Bengal Election 2021: भाजपा एक साथ 234 सीटों की सूची जारी करने की तैयारी में

images 55

कोलकाता West Bengal Election 2021 । भारतीय जनता पार्टी जल्द ही पश्चिम बंगाल में सभी प्रत्याशियों की घोषणा करने की तैयारी में है।

भाजपा ने अभी तक दो चरणों के विधानसभा चुनाव के लिए अपने 59 उम्मीदवार के नामों की घोषणा की थी, जबकि एक सीट सहयोगी पार्टी आजसु के लिए छोड़ दी है, लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी जल्द ही पश्चिम बंगाल की शेष सभी 234 सीटों की सूची एक साथ जारी करने की तैयारी में है।

इस बारे में गुरुवार दोपहर से प्रदेश भाजपा की चुनावी कमेटी की कोलकाता के हेस्टिंग्स कार्यालय में बैठक हुई है।

चुनाव कमेटी ने लिस्ट को दिया अंतिम रूप

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को हुई बैठक में चुनाव कमेटी ने प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है। गौरतलब है कि इस चुनाव समिति के पास उम्मीदवारों की लिस्ट पर अंतिम निर्णय लेने की शक्ति नहीं है, इसलिए राज्य के नेता लिस्ट के साथ शुक्रवार को दिल्ली रवाना होंगे और सूची पर अंतिम फैसला भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बाद लिस्ट का अंतिम रूप जारी किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार पूरी सूची को पार्टी की संसदीय समिति के समक्ष रखा जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

कल दिल्ली में होगी भाजपा संसदीय समिति की बैठक

सूत्रों के मुताबिक शनिवार को भाजपा संसदीय समिति की दिल्ली में बैठक होगी, जिसमें नामों पर अंतिम फैसला लेने के बाद लिस्ट जारी कर दी जाएगी। पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता शनिवार या रविवार को सूची जारी करना चाहते हैं, क्योंकि तीसरे चरण के लिए शुक्रवार से नामांकन शुरू हो रहा है और पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 मार्च है।

इन जिलों में भाजपा को मिलेगी चुनौती

तीसरे चरण का मतदान हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना जिलों के 31 निर्वाचन क्षेत्रों में है। इनमें से 16 सीटें दक्षिण 24 परगना की हैं। इस जिले में बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी सीटों पर पीछे थी, इसलिए इस बार भाजपा ने पूरा जोर लगाने का फैसला किया है। तीसरे चरण में हावड़ा में 7 और हुगली में 8 निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे।

Exit mobile version