Site icon Yashbharat.com

Weather Report: कड़ाके की ठंड पर IMD का अलर्ट, उत्तर में शीतलहर तो दक्षिण में बारिश करेगी बुरा हाल

cold_news

cold_news

Weather Report: कड़ाके की ठंड पर IMD का अलर्ट, उत्तर में शीतलहर तो दक्षिण में बारिश करेगी बुरा हाल मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत अब पूरी तरह से ठंड की चपेट में आ चुका है। उत्तर प्रदेश में कई जिलों में हल्की बारिश हुई, जबकि हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। हिमाचल प्रदेश में केलांग और कल्पा में पिछले 24 घंटों में शुष्क मौसम के बावजूद शून्य डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का न्यूनतम तापमान है।
दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बुधवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। शुक्रवार तक इसके पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन के लिए भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है।
हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य सीमा से नीचे

हरियाणा में, हिसार का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे चला गया, जहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि करनाल में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के मुकाबले तीन डिग्री अधिक है। शहर का दिन का तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

कश्मीर घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान
कश्मीर घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से कम हो गया वहीं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।
महाराष्ट्र में छाया कोहरा

महाराष्ट्र में मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों में मौसम में नमी में वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण मंगलवार सुबह कोहरा छा गया और हल्की ठंड महसूस हुई। कोहरे की वजह से मुंबई और नासिक के बीच सुबह के समय यातायात आवाजाही धीमी रही, जो वाणिज्यिक वाहनों के लिए सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, साथ ही मौसम में नमी बढ़ने के कारण मुंबई और नासिक सहित कुछ क्षेत्रों में कोहरा छा गया।

Exit mobile version