Weather Alert : बंगाल की खाड़ी से उठेगा चक्रवात, 9 से 11 अक्टूबर को इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
Weather Alert : बंगाल की खाड़ी में इस समय चक्रवात सक्रिय हो रहा है। अगले 24 घंटों में इसका असर नज़र आना शुरू हो जाएगा। भारतीय मौसम विभाग IMD ने ताजा अनुमान में कहा है कि 9 से 11 अक्टूबर को उत्तर भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
9 अक्टूबर -11 अक्टूबर तक तेलंगाना में भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में दक्षिण भारत में यह क्रम देखा जाएगा। 16 अक्टूबर को एक नया मौसमी सिस्टम बंगाल की खाड़ी में विकसित होने की तैयारी कर रहा है।
यह अक्टूबर महीने का तीसरा सिस्टम होगा। 9 और 10 अक्टूबर को बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी में पूर्व अंडमान सागर और उससे सटे उत्तर अंडमान सागर पर समुद्र की हालत बहुत संवेदनशील हो जाएगी। 10 और 11 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल की खाड़ी, बंगाल की उत्तरी खाड़ी के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट इससे प्रभावित होंगे।
इस राज्य में 11 व 12 अक्टूबर को भारी से भारी बारिश की सम्भावना
अंडमान निकोबार एवं पूर्व केन्द्रीय बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात 9 अक्टूबर को कम दबाव में तब्दील हो जाएगा। इसके 24 घंटे बाद बारिश होने की सम्भावना है। इसके बाद 11 अक्टूबर शाम के समय उत्तर आन्ध्र प्रदेश एवं दक्षिण ओडिशा के तट से होते हुए स्थल भाग को पार करने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इसके प्रभाव से 11 एवं 12 अक्टूबर को मालकानगिरी, कोरापुट, गजपति, रायगड़ा एवं गंजाम जिले में भारी से भारी बारिश होने की सम्भावना है। उसी तरह से पुरी, कंधमाल, खुर्दा, जगतसिंहपुर, कालाहांडी एवं नवरंगपुर जिले में भी भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग की तरफ से इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। तटीय इलाकों में 45 से 50 किमी. की रफ्तार से हवा चलने की सम्भावना है। ऐसे में समुद्र में जाने वाले मछुआरों को 10 अक्टूबर तक वापस आ जाने की मौसम विभाग ने सलाह दी है। 11 अक्टूबर को मछुआरों को समुद्र में ना जाने की मौसम विभाग ने हिदायत दी है। हालांकि अगले दो दिन तक राज्य में बारिश होने की सम्भावना कम है।