विश्व हिंदू परिषद के हित चिंतक महाभियान का कटनी जिले में शुभारंभ, 22 नवंबर से शुरू हुआ अभियान,हिंदू समाज को संगठित करने और संगठन की विचारधारा से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारिया
कटनी। विश्व हिंदू परिषद द्वारा देशभर में चलाए जा रहे हित चिंतक महाभियान का शुभारंभ 22 नवंबर से हो गया है। इसी क्रम में कटनी जिले में भी अभियान की शुरुआत की गई। इस महाभियान के माध्यम से हिंदू समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा संगठन के सेवा, सुरक्षा और संस्कार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान को लेकर बजरंग दल के सह प्रांत संयोजक राहुल दुबे ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक महाभियान समाज को संगठित करने और संगठन के उद्देश्यों से लोगों को परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसके अंतर्गत कार्यकर्ता जिले के विभिन्न क्षेत्रों, गांवों और कस्बों तक पहुंचकर लोगों से संपर्क करेंगे तथा उन्हें अभियान से जोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के हित में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों को इस अभियान में अपना सहयोग, समय और सक्रिय भागीदारी प्रदान करनी चाहिए। अभियान का उद्देश्य समाज में आपसी समरसता, संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
विश्व हिंदू परिषद ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों से हित चिंतक महाभियान में सहभागिता निभाने का आह्वान किया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके।

