ग्राम सुनहरी में तालाब गहरीकरण के लिये ग्राम वासियों ने श्रमदान कर दिया जल स्रोतों के संरक्षण का संदे
कटनी -मध्य प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत द्वितीय चरण में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार एवं जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में विकासखंड कटनी के ग्राम पंचायत टेढ़ी के ग्राम सुनहरी में तालाब गहरीकरण के लिए ग्राम वासियों ने श्रमदान किया, जिससे अधिकतम वर्षा जल एकत्रित होकर जमीन के नीचे पहुंचे और जमीन का स्तर बढ़ सके। श्रमदान कार्यक्रम में उपस्थित मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ तेज सिंह केशवाल और विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने ग्राम वासियों को संगोष्ठी के माध्यम से आगामी समय में अपने-अपने घरों में सोख्ता गड्ढे बनाकर वर्षा जल को जमीन के नीचे पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्राकृतिक जल स्रोतों कुआं, तालाब और नदियों में गणेश जी, दुर्गा जी आदि मूर्तियों का विसर्जन, एवं जवारे, कजलियां अन्य पूजन सामग्री विसर्जित न करने हेतु प्रेरित करते हुए विकल्प के रूप में कुंड बनाकर उसमें पानी भरकर फिर उसमें विसर्जन किया जाए, जिससे नदी का घाट साफ सुथरा उपयोग करने योग्य रहेगा। विदित हो कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड कटनी के विभिन्न ग्रामों में प्राकृतिक जल स्रोतों नदी, तालाब, कुओं और बावड़ियों की श्रमदान से साफ सफाई एवं गहरीकरण का कार्य नियमित रूप से जारी है, जिसमें मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जल संवर्धन के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों का रखरखाव और संवर्धन करने की दृष्टि से जन भागीदारी को बढ़ावा मिले और जन समुदाय अपने आने वाले कल के लिए जल को सुरक्षित कर सके, और पानी के उचित रखरखाव और बचत के लिए उनके व्यवहार में परिवर्तन हो। इसी श्रृंखला में विकासखंड कटनी के ग्राम टेढ़ी के ग्राम सुनहरी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति टेढ़ी, नवांकुर संस्था मंथन समाज विकास समिति बंडा, और ग्राम पंचायत टेढ़ी के सहयोग से तालाब गहरीकरण हेतु श्रमदान किया गया । जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु श्रमदान के इस आयोजन में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉक्टर तेज सिंह केशवाल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, ग्राम सरपंच श्रीमती रेवती बाई, उप सरपंच मनोज लुनिया, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष धनेश बहादुर सिंह, सचिव कृष्ण कुमार, नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी हीरामणि हल्दकार, समाजसेवी राम जी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्राम वासियों की उपस्थिति रही।

