अपडेट -दशहरा महोत्सव की होर्डिंग हटाने पर बवाल, नगर निगम के सामने धरने पर बैठे श्री बजरंग उत्सव समिति के कार्यकर्ता किया चक्काजाम अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह के निलंबन और सार्वजनिक माफी की मांग, निगम गेट पर प्रदर्शन से यातायात प्रभावि
कटनी। मिशन चौक पर श्री बजरंग उत्सव समिति द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव के रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रम की होर्डिंग हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम की अतिक्रमण टीम द्वारा होर्डिंग हटाए जाने से आक्रोशित समिति के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दशहरा महोत्सव जैसे धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजन की होर्डिंग को ऐन वक्त पर हटाना अनुचित है, जबकि शहर के अन्य स्थानों पर भी होर्डिंग लगी हुई हैं। समिति के कार्यकर्ताओं ने अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह के निलंबन की मांग करते हुए उन्हें नगर निगम पहुंचकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई है।
नगर निगम गेट पर प्रदर्शन, वाहनों की कतार से जाम के हालात
होर्डिंग हटाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरना देकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों द्वारा गेट के सामने वाहनों का काफिला खड़ा किए जाने से आवागमन प्रभावित होने और जाम के हालात बनने की सूचना है। प्रदर्शन के दौरान निगम कार्यालय में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं होने की बात भी प्रदर्शनकारियों द्वारा कही जा रही है।
फिलहाल होर्डिंग हटाने का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। समिति के कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े हैं। अब देखना होगा कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा करते हैं या विवाद और बढ़ता है।

