Site icon Yashbharat.com

UP के इस गांव का नाम है कोराेना, अब डर से यहां लोग फोन तक नहीं उठा रहे लोग

30 03 2020 korauna up

Korauna (कोरौना) शेक्सपियर ने कहा है नाम में क्या रखा है.. ये लाइन बड़ी पुरानी है और जब भी नाम को लेकर कोई बात निकलती है तो लोग इसी लाइन को दोहरा देते हैं। लेकिन, अक्सर देखने में आया है कि नाम में ही सबकुछ होता है। ऐसा ही है Covid-19 या Coronavirus के साथ, इसका नाम सुनते ही लोग घबरा जाते हैं और होश फाख्ता होने लगते हैं। इन दिनों इसी कोरोना वायरस से मिलते जुलते नाम वाले गांव के लगो काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं। यह गांव उत्तर प्रदेश में स्थित है।

राज्य के सीतापुर के जिले के ब्लॉक गोंडलमउ में स्थित इस गांव का नाम Korauna (कोरौना) है और इस वजह से इस गांव के लोगों को इन दिनों भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की गांव के लोगों का तो कहना है कि जब से ये बीमारी सामने आई है उन्हें समाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।

गांव के ही रहने वाले राजन कहते हैं कि कोई भी बाहर नहीं आना चाहता, गांव के लोग आतंकित हैं। जैसे ही हम लोगों से कहते हैं कि हम कोरौना (Korauna) से हैं तो वो हमें नजरअंदाज करना शुरू कर देते हैं। लोग यह समझने को तैयार नहीं होते कि यह हमारे गांव का नाम है, गांव में कोई कोरोना संक्रमित व्यक्ति नहीं है।

गांव के ही एक शख्स सुनिल के अनुसार, लोग गांव के नाम से इतने डरे हुए हैं कि वो यहां से जाने वाले फोन कॉल्स तक नहीं उठाते। अगर हम सड़क पर जाते हैं और पुलिस जैसे ही हमारे गांव का नाम सुनती है तो असहज हो जाती है। अब हमारे गांव का नाम ही ऐसा है तो हम क्या कर सकते हैं।

गांव के एक और नागरिक रामजी दीक्षित कहते हैं, जैसे ही हम फोन करते हैं और सामने वाले से कहते हैं कि कोरौना से बोल रहे हैं तो लोग तुरंत फोन काट देते हैं। उन्हें लगता है कोई उनके साथ मजाक कर रहा है।

बता दें कि देश में कोरोना के कारण 1000 से ज्यादा लोग संक्रमित हैं और यह संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में इस गांव के लोगों की अपनी ही मुश्किलें हैं जो खत्म होती नजर नहीं आ रही।

Exit mobile version