Thursday, May 14, 2026
Latest:
Latestउत्तरप्रदेशराष्ट्रीय

UP : किसानों पर कहर बन कर टूटी बारिश-ओलावृष्टि, फसलें चौपट, 33 की मौत

मौसम की मार झेल रहे किसानों की अब रही सही उम्मीदों पर भी ओले पड़ गए हैं। प्रदेश में बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार सुबह आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने फिर तबाही मचाई। बिजली, पेड़ और दीवार गिरने से जहां 33 लोगों की मौत हो गई वहीं अकेले अवध में 13 मौतें हुई हैं।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से एक हफ्ते में ही दूसरी बार प्रकृति की मार के कारण हजारों हेक्टेयर में खड़ी फसलें तहस-नहस हो गईं। गेहूं, चना, आलू, मटर और मसूर की 60 फीसदी फसलें खेतों में ही बर्बाद हो गईं।

अवध के कई जिलों में शुक्रवार को आंधी के बीच बारिश व ओले गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। अकेले सीतापुर जिले में दीवारें व छप्पर गिरने से आठ और बाराबंकी में दो लोगों की जान चली गई। बलरामपुर, अयोध्या, बहराइच में भी एक-एक मौतें हुई हैं।

बहराइच में तो बारिश-तूफान के बीच स्कूल से लौट रहे बच्चों पर बिजली का खंभा गिरने से एक मासूम की मौत हो गई जबकि कई झुलस गए। बहराइच में 33.1 जबकि लखनऊ में 12 मिमी. पानी बरसा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम