नगर निगम की अनोखी पहल: कचरा अब बेकार नहीं-उज्जैन में सूखे कचरे के बदले मिलेगा खाना, फ्रीगंज, नानाखेड़ा और चारधाम पार्किंग में खुलेंगे ‘कचरा कैफे’
उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में अब घर का प्लास्टिक, खाली बोतलें और अन्य सूखा कचरा सड़कों या नालियों में फेंकने के बजाय नाश्ते और जरूरत का सामान पाने का जरिया बनेगा। शहर को अधिक स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के उद्देश्य से उज्जैन नगर निगम शहर में तीन स्थानों पर ‘कचरा कैफे’ (Garbage Cafe) खोलने जा रहा है।
इस अनूठी पहल के तहत नागरिक अपने घर का रीसाइक्लिंग योग्य सूखा कचरा इन कैफे में जमा करेंगे और उसके बदले खाद्य पदार्थ, जरूरत का सामान या महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद ले सकेंगे।
इन 3 प्रमुख स्थानों पर प्रस्तावित हैं ‘कचरा कैफे’
नगर निगम ने शहर के तीन व्यस्त और प्रमुख इलाकों में कचरा कैफे स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित की है:
- फ्रीगंज: पाकीजा शोरूम के पास
- नानाखेड़ा: बस स्टैंड परिसर
- चारधाम मंदिर: पार्किंग स्थल
निविदा (Tender) प्रक्रिया शुरू, जल्द मिलेगा लाभ
उज्जैन नगर निगम ने इन तीनों कैफे के संचालन और रखरखाव के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल यह योजना शुरुआती तैयारी के चरण में है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इन कैफे का संचालन विधिवत रूप से शुरू हो सकेगा। नगर निगम को उम्मीद है कि इस कदम से शहरवासियों में कचरा प्रबंधन (Garbage Management) को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी।

