स्कूल चलें हम” अभियान के तहत पीएम श्री विद्यालय कैलवारा में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित,पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

 

 

स्कूल चलें हम” अभियान के तहत पीएम श्री विद्यालय कैलवारा में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित,पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

कटनी -मध्यप्रदेश शासन के “स्कूल चलें हम” अभियान अंतर्गत शाला प्रारंभ उत्सव कार्यक्रम के द्वितीय चरण के तहत दिनांक 16 जून 2026 से पुनः शासकीय विद्यालय प्रारंभ हो गए हैं। शासन के निर्देशानुसार 25 जून 2026 को जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा थाना कुठला क्षेत्र अंतर्गत पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलवारा में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें शिक्षा के महत्व, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सुरक्षित डिजिटल जीवन के संबंध में प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

 

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों एवं सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों में भी वृद्धि हुई है। ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, साइबर बुलिंग, डेटा चोरी, हैकिंग तथा फर्जी सूचनाओं के प्रसार जैसी घटनाओं से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क एवं जागरूक रहना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी अज्ञात व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से “डिजिटल अरेस्ट” जैसी साइबर ठगी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रावधान नहीं है तथा पुलिस कभी भी व्हाट्सएप कॉल या फोन के माध्यम से किसी व्यक्ति से पूछताछ या धनराशि की मांग नहीं करती। ऐसे कॉल एवं संदेश साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए किए जाते हैं।

 

उन्होंने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया तथा बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए अथवा साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करे।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक  नेहा पच्चिसिया, डीएसपी (अजाक) सुश्री शिवा पाठक, थाना प्रभारी कुठला अखिलेश दाहिया, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version