Bhopal: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने भोपाल में बारिश का लुत्फ उठाया। उन्होंने ट्विटर पर अपना एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, हवा, पानी यह प्रकृति के महत्वपूर्ण अंग हैं फिर तो यह मेघों से बरसा हुआ पानी था जिसने अपने आशीर्वाद से हमको सराबोर कर दिया। अच्छा पानी बरसे, अच्छी खेती हो, मध्यप्रदेश खुशहाल रहे। इस बीच में मेरे बहुत लंबे प्रवास रहे जहां बहुत उमस थी। आज जब जोर से पानी बरसा तो हमारे छत के पाइप से गिर रहे पानी एवं खुले आकाश से आ रही बौछार में मैंने एवं बेटी नित्या ने बौछारों में स्नान करने का आनंद लिया ईश्वर को धन्यवाद दिया।
बारिश से कोलार रोड पर लगा जाम, एक घंटे फंसे रहे लोग
तेज बारिश के कारण कोलार रोड पर गुरुवार को ट्रैफिक जाम लग गया। रात 7.30 से 8.30 बजे तक बारिश से लोग जाम में फंसे रहे। कोलार नहर चौराहे से लेकर सर्वधर्म तक (एक किलोमीटर) लंबा जाम होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहिया व चार पहिया वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। लोगों को घरों तक पहुंचने में अच्छी-खासी मश्कत करनी पड़ी। चार पहिया वाहन 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से रेंगते हुए नजर आए। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से राहत दिलवाई।
इधर, तेज बारिश से लोगों के घरों में पानी भर गया। सर्वधर्म दामखेड़ा, सनखेड़ी, बांसखेड़ी सहित दो दर्जन से ज्यादा नीचे इलाकों में बारिश का पानी घुस गया। इससे लोग रातभर घरों से पानी निकालते रहे। कोलार नगर निगम फायर अमले के प्रभारी पंकज खरे ने बताया की बारिश से निचले इलाकों में पानी भर जाता है। शिकायत मिलने पर तत्काल जाते हैं। जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाई जाती है। बारिश बंद होने पर जलभराव की शिकायतें आती हैं। अमला तैयार रहता है।

