दो लोगों के साथ 3 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी, व्यापक जागरूकता के बावजूद नहीं थम रहे मामले
कटनी(YASHBHARAT.COM)। जिला प्रशासन, पुलिस व बैंकों के द्धारा ऑनलाइन ठगी के मामले रोकने के लिए व्यापक पैमाने पर जनजागरूक अभियान चलाने के बावजूद ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं तथा लोग अब भी ठगों के झांसे में आकर अपना एकाउंट खाली करा रहे हैं। शहर में ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। जिनमें 3 लाख से अधिक की ठगी की गई है। कोतवाली पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर अज्ञात ठगों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी राखी पांडे के अनुसार ऑनलाइन ठगी का पहला मामला राजीव गांधी वार्ड निवासी सावन पिता संतोष कुमार खटीक के साथ घटित हुआ। जिसमें ठगों ने उसके साथ 1 लाख 2 हजार 570 रूपए की ठगी की है। वहीं दूसरे मामले में नईबस्ती निवासी राजेन्द्र प्रसाद पिता भगवान दास बर्मन के साथ 2 लाख 4 हजार रूपए की ऑनलाइन ठगी हुई है। पुलिस ने दोनों की अलग-अलग शिकायत पर अज्ञात ठगों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।