Site icon Yashbharat.com

वृद्ध दंपति से लूट करने वाले दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, जेल भेजे गए,रास्ता पूछने के बहाने महिला के गले से लॉकेट की माला झपटी, गिरने से घायल हुई वृद्धा; एक आरोपी अब भी फरार

IMG 20261016 WA0097

वृद्ध दंपति से लूट करने वाले दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, जेल भेजे गए,रास्ता पूछने के बहाने महिला के गले से लॉकेट की माला झपटी, गिरने से घायल हुई वृद्धा; एक आरोपी अब भी फरा

कटनी। बहोरीबंद थाना क्षेत्र में वृद्ध दंपति से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने रास्ता पूछने के बहाने मोटरसाइकिल सवार दंपति को रोककर महिला के गले से लॉकेट की माला झपट ली थी। इस दौरान मोटरसाइकिल से गिरने के कारण महिला के सिर में चोट लग गई थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोरहा निवासी कोदूलाल लोधी (60) ने 15 अक्टूबर को बहोरीबंद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी राजकुमारी लोधी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर तिगमा से पथराड़ी पिपरिया स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दोपहर करीब 2:15 बजे लांघा नदी के रपटे के पास पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे। रास्ता पूछने के बहाने पास आए युवकों में से पीछे बैठे एक युवक ने राजकुमारी के गले से लॉकेट की माला झपट ली।

अचानक हुई इस घटना से दंपति मोटरसाइकिल से गिर गए। गिरने से राजकुमारी के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी और खून निकलने लगा। वारदात के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से पथराड़ी पिपरिया की ओर भाग निकले। परिजनों को सूचना देने के बाद घायल महिला को बहोरीबंद अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कपिल मिश्रा (21), पिता महेश मिश्रा और शिवम उर्फ युवराज खम्परिया (20), पिता राममिलन खम्परिया, दोनों निवासी ग्राम पौड़ी, थाना बहोरीबंद, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP21 ZD 1822 जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक अनुराग पाठक, प्रधान आरक्षक बृजेश ठाकुर, भोला गुप्ता, सुनील बागरी, आरक्षक मोहित साहू, आशीष सोनी, संदीप यादव तथा सैनिक राजकुमार सेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version