शासकीय कन्या महाविद्यालय में निकली तिरंगा रैली, राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश

शासकीय कन्या महाविद्यालय में निकली तिरंगा रैली, राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदे

कटनी। देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी द्वारा तिरंगा रैली यात्रा का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित रैली में महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली के दौरान छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों एवं गीतों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश दिया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ सहित देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। छात्राओं ने अनुशासन एवं गरिमापूर्ण तरीके से रैली में सहभागिता करते हुए नागरिकों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल देश की पहचान का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं को तिरंगे का सम्मान करने, राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाने तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प दिलाया। उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Exit mobile version