Site icon Yashbharat.com

Train Accident: नॉर्थ ईस्ट एक्स. बेपटरी होने से मां-बेटी समेत 4 की मौत; क्या पटरी क्रैक होने से हुआ हादसा?

train collision in egypt

Train Accident:  बिहार में बक्सर के रघुनाथपुर स्टेशन के पास बुधवार रात 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बेपटरी होने में ट्रेन की पटरी के पहले से क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आ रही है। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे इस ट्रेन की सभी 24 बोगियां बेपटरी हो गई थीं। इनमें से आठ बोगियां पूरी तरह से गिर गई थीं। इन आठ में से दो बोगियां एक-दूसरे से टकराते हुए ढलान से नीचे गिर गईं। हादसे में मां-बेटी समेत चार की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अबतक करीब 200 यात्रियों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें से 70 के करीब ज्यादा गंभीर रूप से घायल हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, बक्सर में घटना स्थल पर राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, रेल अधिकारी और स्थानीय लोग टीम के रूप में काम कर रहे हैं। रेलवे वार रूम ने भी काम शुरू कर दिया है।

वहीं रेल हादसे में मरने वालों में दीपक भंडारी की पत्नी उषा भंडारी (33), उनकी पुत्री आकृति भंडारी (8) शामिल हैं। पूरा परिवार आनंद विहार टर्मिनल से चलकर कामख्या जंक्शन जाने वाले थे। हादसे में दीपक स्वयं और उनकी एक अन्य बेटी अदिति जीवित बच गए हैं। इनका रो-रोकर बुरा हाल है। इनके अलावा किशनगंज निवासी अबु जाहिद (27) तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की भी मौत हुई है।

रेलवे ने हताहतों की संख्या नहीं बताई

दानापुर मंडल के रघुनाथपुर स्टेशन के पास बुधवार रात करीब 21.35 बजे गाड़ी संख्या 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। आम लोग राहत-बचाव कार्य में लग गए। घटनास्थल शहरी क्षेत्र से दूर है। 50 से ज्यादा लोग बुरी तरह चोटिल हुए हैं। घायलों को निकाला जा रहा है, उसके बाद असल तस्वीर सामने आएगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल टीम और अधिकारियो के साथ-साथ दुर्घटना राहत यान घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है। रेलवे ने आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या नहीं बताई है, लेकिन घटनास्थल पर राहत-बचाव में लगे कर्मियों ने बताया कि पांच लोग ऐसे निकाले गए, जिनकी सांसें नहीं चल रही थीं। बाकी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए तत्काल भेजा गया।

 

केंद्रीय मंत्री बोले- चार लोगों की मौत अत्यंत दुखद

 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि अत्यंत दुखद घटना हुई। बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ की कृपा हुई कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद बहुत सारे लोगों की जान बच गई। चार लोगों की मौत अत्यंत ही दुखद है। कई लोग घायल हैं। मैं लगातार रेल मंत्री और रेलवे के अधिकारियों से बातचीत कर रहा हूं। जनता का धन्यवाद देता हूं कि उनलोगों ने काफी सहयोग किया। भाजपा के कार्यकर्ता में रात से राहत और बचाव कार्य में जुट गए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। जहां-जहां घायल भर्ती है, मैं उस अस्पताल के संपर्क में हूं।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- भगवान ने जान बचा ली

हादसे के बाद ट्रेन यात्री ने कहा कि वह दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से पटना जाने के लिए ट्रेन में बैठा था। ट्रेन की स्पीड सामान्य थी। अचानक बोगिंया हिलने लगी। तड़तड़ की आवाज के साथ करीब दो मिनट तक तेज आवाज आती रही। पहले हमे लगा कोई जानवर ट्रेन से टकरा गया होगा। कुछ ही देर में ट्रेन का चलना बंद हो गया। गाड़ी का चलना बंद हो गया। गाड़ी पटरी से नीचे उतर गई। हादसा इतना भीषण था कि कई लोगों की बॉगी में ही बेहोश हो गए। ऐसा लग रहा था कि सब कुछ थम सा गया। लेकिन, भगवान ने हमलोगों की जान बचा ली। बाद में जानकारी मिली कि कई लोगों की मौत हो गई।

Exit mobile version