Site icon Yashbharat.com

हिमाचल में दर्दनाक हादसा: पहाड़ से बस पर गिरीं चट्टानें, छत उखड़ी और बस खाई में गिरी; अब तक 15 शव बरामद

Screenshot 20251008 094023 Chrome

हिमाचल में दर्दनाक हादसा: पहाड़ से बस पर गिरीं चट्टानें, छत उखड़ी और बस खाई में गिरी; अब तक 15 शव बरामद। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच बिलासपुर के मरोतन से घुमारवीं जा रही 32 सीटर निजी बस पर पहाड़ से भारी भरकम चट्टानों के साथ मलबा आ गिरा।

मंगलवार शाम को हुए इस हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। भाई-बहन दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इन्हीं बच्चों के परिवार के चार सदस्यों की हादसे में मौत हो गई है। बस में कुल 18 लोग सवार थे। स्थानीय निवासी आठ वर्षीय राहुल लापता है। राहुल की मां बिमला का शव बरामद हो गया है।

हादसा बरठीं में भल्लू पुल के पास शुक्र खड्ड किनारे हुआ। पहाड़ी से मलबा गिरने से निजी बस की छत उखड़कर खड्ड के किनारे जा गिरी, जबकि सारा मलबा बस में बैठी सवारियों पर आ गिरा।

मरोतन, बरठीं और बीच के स्टैंड से सवार हुए थे लोग
पुलिस और स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मलबे से आरुषि (10) और शौर्य (8) को निकालकर उपचार के लिए बरठीं अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। बस में मरोतन, बरठीं और बीच के स्टेशनों से लोग सवार हुए थे। 

ज्यादातर नौकरी और काम से लौटने वाले लोग हैं। पुलिस प्रशासन ने अभी रेस्क्यू अभियान बंद नहीं किया है। एनडीआरएफ भी मौके पर डटी रही। एसपी संदीप धवल, एसडीएम गौरव चौधरी, झंडूता विधायक जीत राम कटवाल ने भी मौके पर दौरा किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद कुल्लू दशहरा के समापन को लिए पहुंचे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री कार्यक्रम को छोड़ हादसा स्थल के लिए निकले।

Exit mobile version