थकान मिटाने को मौत की छांव में सो गए मजदूर… पीथमपुर में रातभर जागकर किया काम, ट्रक के नीचे सो रहे 3 मजदूरों की मौत
थकान मिटाने को मौत की छांव में सो गए मजदूर… पीथमपुर में रातभर जागकर किया काम, ट्रक के नीचे सो रहे 3 मजदूरों की मौत , नियति का खेल भी कितना क्रूर होता है, इसका अंदाजा पीथमपुर के सेक्टर-1 में हुई इस घटना से लगाया जा सकता है। जिन हाथों ने रातभर जागकर पाताल चीरकर (बोरवेल) पानी निकालने का संघर्ष किया, सुबह उन्हीं मजदूरों का पसीना सूखने से पहले उनका खून सड़क पर बह गया। थकान मिटाने के लिए जिस ट्रक की छांव में वे सोए थे, वही ट्रक उनका काल बन गया।
नींद बनी मौत का कारण: रातभर काम के बाद गाड़ी के नीचे ही सो गए थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, गवला गांव निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर रातभर बोरवेल का काम चला था। सुबह करीब 4 बजे काम खत्म होने के बाद मजदूर बुरी तरह थक चुके थे। थकान मिटाने के लिए तीनों मजदूर पास ही खड़ी सपोर्टिंग एयर गाड़ी (KA 51 MC 5799) के नीचे ही सो गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिस वाहन की छाया में वे सो रहे हैं, वही उनका काल बन जाएगा।
ड्राइवर की लापरवाही: बिना देखे कर दिया ट्रक रिवर्स
हादसा उस वक्त हुआ जब सपोर्टिंग वाहन के चालक ने अंधेरे में बिना पीछे देखे ट्रक को अचानक रिवर्स कर दिया। गाड़ी का भारी-भरकम टायर सीधे सो रहे मजदूरों के ऊपर चढ़ गया। चीख-पुकार मचने से पहले ही तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। संबंधित वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।