होटल में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को ‘बैग में गांजा रखकर’ फंसाने की धमकी, CCTV फुटेज वायरल; होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर लगाया हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
सिवनी/भोपाल । बाबरिया रोड स्थित ‘होटल सिद्धार्थ’ में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को कथित तौर पर बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
होटल संचालक ने लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे मामले में होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर अवैध वसूली के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। संजय सनोडिया का कहना है कि कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी उनसे हर महीने 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
13 नवंबर की शाम का बताया जा रहा है वायरल वीडियो
मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा यह सीसीटीवी फुटेज 13 नवंबर की शाम का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

