यह ग्रेटर बेंगलुरु नहीं बल्कि लुटेरों का बेंगलुरु है’ बोले एचडी कुमारस्वामी
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया. इसके चलते केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने रविवार को कर्नाटक सरकार पर जमकर निशाना साधा. बता दें कि शनिवार रात को बेंगलुरु में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान आया था.
शहर में बारिश से पैदा हुई अव्यवस्था के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि यह ‘ग्रेटर बेंगलुरु नहीं बल्कि लुटेरों का बेंगलुरु’ है. उनका ग्रेटर बेंगलुरु उनका तंज ग्रेटर बेंगलुरु गवर्नेंस एक्ट की ओर था, जो 15 मई से लागू हुआ था. शहर को नियंत्रित करने के लिए कानून पिछले विधानसभा सत्र में पारित किया गया था.
‘सड़कों पर गड्ढे और खुली नालियां’
कुमारस्वामी ने सार्वजनिक राजस्व और टैक्स कलेक्शन के दुरुपयोग और गायब होने के बारे में भी गंभीर चिंता जताई. एक बयान में जेडीएस नेता ने कहा, “ग्रेटर बेंगलुरु भारी बारिश होने पर डूब जाता है और हल्की बारिश होने पर तैरने लगता है.” उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों पर गड्ढे और खुली नालियां हैं.
हजारों करोड़ रुपये के टेंडर जारी
मंत्री ने अपने बयान में कहा, “गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी भी नहीं है, लेकिन टनल रोड के लिए हजारों करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं. वीकली टैक्स, बढ़ती कीमतें – क्या उन्हें लगता है कि लोग बेजान पत्थर हैं? क्या नागरिकों से यह उम्मीद की जानी चाहिए कि वे चुपचाप सब कुछ सह लें और निगल लें? कोई भी जमीन पत्थरों से नहीं बनती – यह लोगों से बनती है.” कुमारस्वामी ने हैरानी जताते हुए कहा कि टैक्सपेयर्स का पैसा कहां जा रहा है. उन्होंने कहा कि एडवर्टाइजमेंट में चमकीला और रंगीन दिखने वाला बेंगलुरु वास्तव में दम घुटने वाला बन गया है.
‘वाटर बेंगलुरु’
इस बीच कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने भी सरकार की आलोचना की. पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इसे ‘ग्रेटर बेंगलुरु’ कहने के बजाय ‘वाटर बेंगलुरु’ कहना बेहतर होगा. शनिवार रात को भारी बारिश की मार झेल रहे साई लेआउट के बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के मुख्य आयुक्त महेश्वर राव ने कहा कि वहां बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के मुख्य आयुक्त महेश्वर राव ने कहा कि वहां बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. राव ने स्थिति का जायजा लेने के लिए बारिश प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में भारी बारिश हुई और अधिकारी स्थिति की निगरानी और समाधान के लिए रात 1 बजे तक मैदान में थे.

