त्योहारों पर मनमानी नहीं चलेगी, नियम तोड़े तो डीजे संचालकों पर होगी कार्रवाई,एएसपी कमल मौर्य ने ली डीजे संचालकों की बैठक, सभी से भरवाए घोषणा पत्
कटनी। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य की अध्यक्षता में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि स्तर, डीजे संचालन की समय-सीमा और अन्य नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी डीजे संचालकों से नियमों के पालन संबंधी घोषणा पत्र भी भरवाए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में एएसपी कमल मौर्य ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान डीजे संचालन में निर्धारित मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संचालकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन के नियमों और प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप करने की हिदायत दी।
बैठक में आम नागरिकों की सुविधा और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। डीजे की तेज आवाज से विद्यार्थियों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को होने वाली परेशानी का ध्यान रखने तथा ऐसी गतिविधियों से बचने के निर्देश दिए गए, जिनसे सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डीजे का संचालन निर्धारित अनुमति, समय-सीमा और ध्वनि स्तर के मानकों के अनुसार ही किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कटनी पुलिस ने सभी डीजे संचालकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करें और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण बनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, तहसीलदार कटनी, माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव सहित जिले के डीजे संचालक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

