katniमध्यप्रदेश

पुरानी कचहरी के हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा, चांदी का मुकुट बरामद,चोरी करने वाला और चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

पुरानी कचहरी के हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा, चांदी का मुकुट बरामद,चोरी करने वाला और चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार, एक आरोपी फरा

 

 

कटनी- पुरानी कचहरी स्थित हनुमान मंदिर में 28 अगस्त को हुई चांदी के मुकुट की चोरी का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद करते हुए चोरी करने वाले आरोपी पवन नामदेव (19) निवासी कैमोर और चोरी का माल खरीदने वाले धर्मेन्द्र सोनी (29) निवासी शिवनगर, कटनी को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन निवासी बरही फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को मंदिर के पुजारी के परिजन ने मंदिर की खिड़की की जाली टूटी होने तथा हनुमान जी का चांदी का मुकुट गायब होने की सूचना कोतवाली थाने में दी थी। मामले में अपराध क्रमांक 950/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। फुटेज में दो संदिग्ध युवक मंदिर के आसपास रैकी करते दिखाई दिए। हुलिए के आधार पर तलाश के दौरान पुलिस ने सराफा बाजार से पवन नामदेव को पकड़ा।

पूछताछ में पवन ने अपने साथी लेखराज के साथ मंदिर की खिड़की की जाली तोड़कर मुकुट चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का मुकुट लेखराज ने सराफा बाजार के धर्मेन्द्र सोनी को 15 हजार रुपये में बेचा था, जिसमें उसे 5 हजार रुपये मिले थे।

पुलिस ने धर्मेन्द्र सोनी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से करीब 25 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया। साथ ही पवन के हिस्से में आए रुपयों में से शेष 1500 रुपये भी बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी लेखराज की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

कार्रवाई में निरीक्षक राखी पाण्डेय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button