कटनी में पेयजल और स्वच्छता की सुधरेगी व्यवस्था: कलेक्टर ने किया जिला वॉश समिति और तकनीकी समिति का गठन
कटनी में पेयजल और स्वच्छता की सुधरेगी व्यवस्था: कलेक्टर ने किया जिला वॉश समिति और तकनीकी समिति का गठन
कटनी : मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार, कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले में जल आपूर्ति और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर ने जिले में “जिला वॉश समिति” (District WASH Committee) और “जिला वॉश तकनीकी समिति” (District WASH Technical Committee) का गठन कर दिया है।
इन समितियों का मुख्य उद्देश्य कटनी जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति तथा स्वच्छता कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग और सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
1. जिला वॉश समिति की संरचना और जिम्मेदारी
जिला स्तर पर जल और स्वच्छता की नीतियों की समीक्षा और मार्गदर्शन के लिए इस समिति का गठन किया गया है:
-
अध्यक्ष: जिला पंचायत अध्यक्ष।
-
सदस्य सचिव: जिला पंचायत सीईओ (Chief Executive Officer)।
-
समिति के सदस्य: कार्यपालन यंत्री (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), कार्यपालन यंत्री (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग/PHE), जल निगम के महाप्रबंधक/उप महाप्रबंधक, परियोजना अधिकारी (मनरेगा), लेखा अधिकारी (जिला पंचायत) एवं जिला वॉश प्रभारी को सदस्य नियुक्त किया गया है।
-
कार्यप्रणाली व बैठकें: जिला वॉश समिति की बैठक वर्ष में कम से कम दो बार अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में ग्राम पंचायतों द्वारा संचालित पेयजल योजनाओं, स्वच्छता अभियानों, और संबंधित ठेकेदारों/एजेंसियों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
2. जिला वॉश तकनीकी समिति की रूपरेखा
तकनीकी पहुलुओं, योजनाओं की स्वीकृति और जमीनी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग के लिए तकनीकी समिति का गठन किया गया है:
-
अध्यक्ष: जिला पंचायत सीईओ।
-
सदस्य सचिव: कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा।
-
समिति के सदस्य: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE), जल निगम, मनरेगा, जिला पंचायत के संबंधित अधिकारी एवं जिला वॉश प्रभारी।
कटनी जिले के लिए क्यों अहम है यह कदम?
इस समिति के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हर घर जल’ योजनाओं और स्वच्छता अभियानों में पारदर्शिता आएगी। साथ ही, तकनीकी खामियों को दूर करने और पेयजल योजनाओं को समय पर पूरा करने में तेजी मिलेगी।








