Site icon Yashbharat.com

दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है रेल ट्रैक, सुधार कार्य में रेलवे बहा रहा पसीना, मालगाड़ियों के साथ ग्रेड सेपरेटर से दौड़ रही पैसेंजर ट्रेनें

GRADE SEPARATOR 1755199618228 1755199622591 1

कटनी(YASHBHARAT.COM)। एनकेजे यार्ड की ए केबिन के पास आज शनिवार सुबह कोयले से भरी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरने के बाद से प्रभावित रेल यातायात अब तक बहाल नहीं हो पाया है। हालात ये है कि मालगाड़ियों सहित कई यात्री ट्रेनों का परिचालन ग्रेड सेपरेटर से किया जा रहा है। देर शाम तक जब सुधार कार्य पूरा नहीं हो पाया तो बीना बिलासपुर रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों को पहले ग्रेड सेपरेटर से दुर्घटना स्थल पार कराया इसके बाद बैंक करके पूरी ट्रेन को मुड़वारा स्टेशन लाकर चलाया गया। जिसके कारण आज यात्री ट्रेनों के यात्रियों को भी हवा में दौड़ती हुई ट्रेन का आनंद लेने को मिला। रेल सूत्रों के मुताबिक इस घटना के कारण रेल ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसके कारण बेहद व्यस्त इस रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ और कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा। रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर रेल लाइन को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी है। पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) सेक्शन में रेल लाइन को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए तेजी से मरम्मत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए जबलपुर से विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे एनकेजे क्षेत्र में ‘ए केबिन’ के पास हुआ। इसके कारण छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से जुड़ी रेल लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
चार ट्रेनों का मार्ग में परिवर्तन
क्षेत्रीय प्रबंधक रोहित सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कोयले से लदी यह मालगाड़ी बिलासपुर से पश्चिम बड़ौदा जा रही थी, तभी इसके छह डिब्बे पटरी से उतर गए। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का आकलन शुरू किया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस घटना के वजह से बिलासपुर की ओर जाने वाला रेल यातायात प्रभावित हुआ है। ऐसे में, चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, जबकि दो ट्रेनों को ’शॉर्ट टर्मिनेट’ और दो को ’शॉर्ट ओरिजिनेट’ किया गया है। सुधार कार्य रात में भी चल रहा है और मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित रेल्वे के आला अधिकारी सुधार कार्य की निगरानी कर रहे हैं। सुधार कार्य में आकाश ट्रेंडिंग के कर्मचारियों को भी लगाया गया है।

हादसे और राहत कार्य के मुख्य बिंदु

घटनास्थल:- न्यू कटनी जंक्शन (NKJ) क्षेत्र में ‘ए केबिन’ के पास।
क्षति:- मालगाड़ी की 5-6 बोगियां पटरी से उतर गईं और आपस में टकरा गईं, जिससे रेलवे ट्रैक को काफी नुकसान पहुंचा है।
राहत कार्य:- रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और राहत वैन मौके पर मौजूद हैं, बहाली का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
प्रभाव: बिलासपुर-कटनी सेक्शन पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से संचालित किया जा रहा है।
जांच:- फिलहाल किसी हताहत की खबर नहीं है, लेकिन दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के कारण इस व्यस्त रूट पर यातायात को बहाल करने के लिए रेलवे स्टाफ तेजी से मरम्मत कार्य कर रहा है, ताकि जल्द से जल्द ट्रेनों का सामान्य संचालन शुरू हो सके।

Exit mobile version