कटनी शहर में कभी ठंडी सड़क के नाम से जानी पहचानी रोड बरही रोड विगत कुछ दिनों से भीषण जाम से जूझ रही है। आज फिर शाम से इसका नजारा दिखा। इसका कारण है यहां बेतरतीब पार्किंग।
दरअसल बरही रोड में माल तथा होटल रेस्टोरेंट आदि के कारण लोग चार पहिया वाहनों से यहां ज्यादा आने लगे हैं और अपना वाहन वह सड़क किनारे लगा देते हैं इससे यहां प्रतिदिन पीक अवर मतलब 7 से 9 बजे के बीच जाम लगता है। अब से कुछ देर पहले ही इस रोड में भीषण जाम लगा था। दुखदाई यह है की रोड में स्टेशन चौराहे से लेकर बरही रोड के बीच यातायात पुलिस नदारद रहती है जिससे लोग वाहन जहां तहां पार्क कर देते हैं इससे समस्या बनती है।
बरही रोड में जाम के वक्त भी पुलिस के वाहन सायरन बजाते गुजर रहे थे लेकिन वाहनों में उनके परिजन तफरी कर रहे थे। जनता हलकान थी राखी के कारण वैसे भी आज रविवार के बावजूद शहर में काफी भीड़भाड़ का नजारा दिख रहा था।
सुभाष चौक से लेकर हनुमान जी के मंदिर तक दुकानों में खरीदार उमड़ रहे थे लेकिन यहां व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस का कर्मचारी नजर नहीं आ रहा था। यही स्थिति गर्ग चौक से लेकर ओवर ब्रिज तक की थी।

