राष्ट्रपति ने कटनी के आरुष की कलाई पर बांधी राखी, सपनों को मिला देश की प्रथम नागरिक का आशीर्वाद,राष्ट्रपति भवन में हुआ भावुक मिलन, राष्ट्रीय पैरा जूडो चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके आरुष को देश के लिए खेलने और नाम रोशन करने की मिली प्रेरणा

राष्ट्रपति ने कटनी के आरुष की कलाई पर बांधी राखी, सपनों को मिला देश की प्रथम नागरिक का आशीर्वाद,राष्ट्रपति भवन में हुआ भावुक मिलन, राष्ट्रीय पैरा जूडो चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके आरुष को देश के लिए खेलने और नाम रोशन करने की मिली प्रेरण

 

कटनी। छोटे से शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले कटनी के आरुष सिंह के लिए रक्षाबंधन का पर्व जीवनभर यादगार बन गया। कटनी के प्रेमनगर स्थित सी.डब्ल्यू.एस.एन. छात्रावास के प्रतिभाशाली छात्र आरुष को राष्ट्रपति भवन में देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलने का अवसर मिला। इस दौरान राष्ट्रपति ने स्नेहपूर्वक आरुष की कलाई पर राखी बांधी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के स्नेह और आशीर्वाद से अभिभूत आरुष के लिए यह पल भावुक होने के साथ-साथ गौरव का विषय भी रहा। राष्ट्रपति द्वारा उसकी प्रतिभा और मेहनत की सराहना किए जाने से उसके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा मिली। यह अवसर आरुष के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षकों और कटनी जिले के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बन गया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता था रजत पदक

आरुष की राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने की कहानी उसकी कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से जुड़ी है। 14वीं नेशनल पैरा जूडो चैंपियनशिप-2025 में आरुष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 19 से 23 दिसंबर 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उसके बेहतरीन प्रदर्शन ने कटनी और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया था। मैट पर हासिल की गई इसी उपलब्धि ने आरुष के लिए राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने का रास्ता तैयार किया।

राखी के धागे में मिला हौसले का आशीर्वाद

राष्ट्रपति द्वारा आरुष की कलाई पर राखी बांधने का दृश्य बेहद आत्मीय और भावुक रहा। आरुष के लिए यह केवल रक्षाबंधन की परंपरा नहीं, बल्कि उसकी मेहनत की पहचान और उसके सपनों को मिला सम्मान था। राष्ट्रपति ने उसे भविष्य में भी पूरी लगन से मेहनत करने और उत्कृष्ट जूडो खिलाड़ी बनकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रपति भवन से प्रधानमंत्री संग्रहालय तक ज्ञान और इतिहास की यात्रा

आरुष के दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति भवन की गौरवपूर्ण यात्रा के साथ उसे देश के इतिहास और विरासत को करीब से जानने का अवसर भी मिला। उसने प्रधानमंत्री संग्रहालय, अमृत उद्यान तथा किला राय पिथौरा प्रदर्शनी का भ्रमण किया। इन स्थलों की यात्रा ने उसके दिल्ली प्रवास को ज्ञान, इतिहास और प्रेरणा से जोड़ते हुए और भी यादगार बना दिया।

कटनी के शिक्षा परिवार ने बढ़ाया हौसला

आरुष की इस उपलब्धि में उसके मार्गदर्शन और सहयोग में अनिल त्रिपाठी, ए.पी.सी. (आई.ई.डी.), जिला शिक्षा केन्द्र, कटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरुष की उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय, जिला परियोजना समन्वयक प्रेमनारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयकों, जिला शिक्षा केन्द्र के कर्मचारियों, विकासखंड स्त्रोत केन्द्र समन्वयकों, वार्डन, एम.आर.सी. तथा छात्रावास कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आरुष का दिल्ली प्रवास 30 अगस्त 2026 को वापसी के साथ संपन्न होगा। राष्ट्रपति से मिले इस स्नेह और आशीर्वाद के साथ अब आरुष के जूडो के सफर को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है। छोटे शहर के इस खिलाड़ी का सपना अब देश के लिए पदक जीतकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करना है।

Exit mobile version