ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर में खेल – कला -संस्कृति की गतिविधियों से निखर रहा विद्यार्थियों का व्यक्तित्व,छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से गुलजार हुए निगम विद्यालय, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सीख रहे नई विधाएं

ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर में खेल – कला -संस्कृति की गतिविधियों से निखर रहा विद्यार्थियों का व्यक्तित्व,छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से गुलजार हुए निगम विद्यालय, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सीख रहे नई विधाएं

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा संचालित विद्यालयों में आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 बच्चों की प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। शिविर के प्रथम एवं द्वितीय दिवस में ही विद्यार्थियों का उत्साह, ऊर्जा और सीखने की ललक देखने योग्य रही। नगर निगम द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष शिविर में खेल, कला, संस्कृति, संगीत एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी रुचियों और क्षमताओं को पहचानने तथा उन्हें विकसित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

 

नगर निगम के साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं ए. रवीन्द्रनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित शिविर के दौरान छात्र-छात्राएं अपनी पसंदीदा गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। विद्यालय परिसर खेल मैदानों की सक्रियता, कला कक्षाओं की रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों की मधुर प्रस्तुति से जीवंत हो उठे हैं।

 

इन गतिविधियों का आयोजन

 

खेल गतिविधियों के अंतर्गत स्केटिंग, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, टेबल टेनिस एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण के सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं रचनात्मक गतिविधियों में पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, कुकिंग एवं शतरंज जैसी विधाओं के माध्यम से बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सांस्कृतिक प्रशिक्षण में कत्थक, वेस्टर्न डांस एवं शास्त्रीय संगीत की कक्षाएं बच्चों को भारतीय एवं आधुनिक कला संस्कृतियों से जोड़ रही हैं।

 

अनुभवी एवं दक्ष प्रशिक्षक दे रहे प्रशिक्षण

 

शिविर की विशेषता यह है कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी एवं दक्ष प्रशिक्षक विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। वॉलीबॉल में अर्चना मनोपाध्याय, टेबल टेनिस में सीबीएस अहिरवार, बैडमिंटन में आलोक जोसेफ, कबड्डी में विशांत जोसेफ, क्रिकेट में डेविड सर, स्केटिंग में रांकित चक्रवर्ती तथा शतरंज में हर्षित चक्रवर्ती बच्चों को तकनीकी प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट एवं पेंटिंग का प्रशिक्षण सुमित रैकवार तथा कुकिंग का प्रशिक्षण पलक पाठक द्वारा प्रदान किया जा रहा है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण अहिरवार सर द्वारा दिया जा रहा है। सांस्कृतिक गतिविधियों में श्रीमती आशा शर्मा कत्थक, दीपा शर्मा वेस्टर्न डांस तथा धर्मेंद्र चौधरी शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण देकर बच्चों की कलात्मक प्रतिभाओं को निखार रहे हैं।

 

नई-नई विधाओं से कौशल क्षमता का विकास

 

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान विद्यार्थियों में सीखने की गहरी रुचि, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। बच्चे नई-नई विधाओं को सीखते हुए न केवल अपने कौशल का विकास कर रहे हैं, बल्कि टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण गुणों को भी आत्मसात कर रहे हैं।

निगम प्रशासन ने बताया कि ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना तथा उनके शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना है। ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

Exit mobile version