मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मिशन चौक में बढ़ी ईद की चहल पहल, त्योहार की तैयारियों ने पकड़ा जोर, बाजार में भी दिख रही रौनक

मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मिशन चौक में बढ़ी ईद की चहल पहल, त्योहार की तैयारियों ने पकड़ा जोर, बाजार में भी दिख रही रौन
कटनी(YASHBHARAT.COM)। ईद के नजदीक आते ही शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मिशन चौक में त्योहार की चहल पहल बढ़ गई है। साथ ही मुस्लिम जमात के घरों में ईद की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। खरीदारी को लेकर भी बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। महंगाई की मार के बावजूद कपड़े से लेकर फलों व ड्रायफ्रट्स की जमकर खरीदारी हो रही है। रमजान के महीने का दूसरा भी अब अंतिम दिनों की ओर है, इसके साथ ही अब बाजार में रौनक बढ़ गई है। शहर के मिशन चौक, पुरानी बस्ती सहित दूसरे मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में सेवाइयों, फलों से लेकर कपड़े, ड्रायफ्रूट्स की अच्छी बिक्री हो रही है। रमजान में माहभर इबादत व इस दौरान उपयोग में लाए जाने वाले सामानों का स्टॉक व्यापारियों द्वारा पहले से ही कर लिया गया है। ईद करीब आते ही अब बाजार में चहल पहल बढ़ गई है।
कपड़ा बाजार में भी बढ़ी रौनक
ईद के पहले इन दिनों कपड़ा बाजार में सबसे ज्यादा गहमा-गहमी है। छोटे बच्चों से लेकर बड़ों के रेडिमेड ड्रेस विभिन्न वैराइटी व रेंज में उपलब्ध है। जींस, शर्ट, जैकेट व पठानी सूट तो लड़कियों के लिए सलवार सूट व कराची पैटर्न की डिमांड ज्यादा है।
आकर्षक टोपियों की डिमांड बढ़ी
ज्ञात हो इबादत के समय और मस्जिदों में नमाज के वक्त सिर पर टोपी होना जरूरी होता है। रमजान में खास तौर पर आकर्षक रंग-बिरंगी टोपियां बाजार में आयी है, जिसकी जमकर बिक्री हो रही है। इसकी कीमत 20 रुपए से लेकर 150 रुपए तक है।
रंग-बिरंगी सेवाइयों से सजी दुकानें
मिशन चौक क्षेत्र में इन दिनों रंग बिरंगी सेवाइयां की दुकान सजी है। यहां प्रयागराज, बनारस, गुजरात से लाई गई अच्छी क्वालिटी की सेवाइयों की पूछ-परख ज्यादा है। इसमें डबल फ्राई 110 रुपए, फेमिली सेवाई डिब्बा 120, लच्छा सेवाई 90 से 130, सादी सेवाई 90 रुपए तक बिक रही है। वहीं मुंबई की फेनी खास तौर पर पसंद की जा रही है।
ड्रायफ्रूट्स की बिक्री भी बढ़ी
रमजान माह में रोजेदार को रोजा खोलने के लिए इफ्तार की दस्तार में ड्रायफ्रूट्स प्रमुख रूप से शामिल रहता है, इसमें सबसे अहम खजूर होता है। खजूर सेवन कर रोजा खोलना सुन्नत में माना जाता है। बाजार में 200 से लेकर 600 रुपए तक खजूर की बिक्री हो रही है। वैसे तो अजवा व किमिया खजूर भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत अधिक होने से आम लोग से दूर है।








