रील नहीं रियल लाइफ का ‘नायक’: 5,000 करोड़ की संपत्ति वाले विधायक जब मुंबई की सड़कों पर मांगने लगे भीख
मुंबई: फिल्म नायक में अनिल कपूर का एक दिन का मुख्यमंत्री बनना और व्यवस्था की कड़वी सच्चाइयों से रूबरू होना हम सभी को याद है। लेकिन क्या आपने कभी किसी अरबपति को रील नहीं, बल्कि रियल लाइफ में भिखारी के वेश में सड़कों पर उतरते देखा है? मुंबई के घाटकोपर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में शुमार और घाटकोपर पूर्व से बीजेपी विधायक पराग शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक पराग शाह घाटकोपर की सड़कों पर फटेहाल कपड़ों में भीख मांगते और झाड़ू लगाते नजर आए।
अहंकार को मिटाने और आत्म-शुद्धि का अनोखा प्रयास
यह कोई चुनावी या राजनीतिक स्टंट नहीं था, बल्कि पराग शाह ने अपने गुरु के आदेश और धार्मिक/अध्यात्मिक अनुष्ठान का पालन करते हुए यह कदम उठाया। उन्होंने अपना हुलिया बदला, साधारण वेशभूषा धारण की और एक आम भिखारी की तरह अपने ही निर्वाचन क्षेत्र की गलियों में पूरा दिन बिताया।
सड़कों पर झेली उपेक्षा और ताने
इस एक दिन के अनुभव के दौरान उन्हें किसी ने नहीं पहचाना। घाटकोपर की व्यस्त सड़कों पर भटकते हुए विधायक को लोगों की दया, मदद के साथ-साथ उपेक्षा और उदासीनता का भी सामना करना पड़ा। कई लोग दूर से गुजर गए तो कुछ ने मामूली मदद की।
पराग शाह का कहना है कि इस प्रयोग ने उन्हें जीवन की कड़वी हकीकत और आम नागरिकों की दैनिक समस्याओं को बेहद करीब से समझने का मौका दिया। 5,000 करोड़ के साम्राज्य के मालिक होने के बावजूद ज़मीन से जुड़ने और समाज के सबसे निचले तबके के दर्द को महसूस करने की उनकी यह कोशिश इस वक्त चर्चा का विषय बनी हुई है।






