Site icon YASHBHARAT.COM

अगले तीन साल की मेहनत तय करेगी जीवन के अगले 50 साल की दिशा : कलेक्टर आशीष तिवारी,एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कलेक्टर और एसपी ने कैडेट्स से किया संवाद, मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण को बताया सफलता का मंत्र

Picsart 26 11 20 14 37 46 852

अगले तीन साल की मेहनत तय करेगी जीवन के अगले 50 साल की दिशा : कलेक्टर आशीष तिवारी,एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कलेक्टर और एसपी ने कैडेट्स से किया संवाद, मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण को बताया सफलता का मंत्

 

कटनी। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 32 एमपी बटालियन द्वारा सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज के रेड फोर्ट कैंपस में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी) में कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कैडेट्स से संवाद कर सफलता और बेहतर करियर निर्माण के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस दौरान अधिकारियों ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का मूलमंत्र बताया।

कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का स्वागत कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजवेलु, कर्नल विनोद सिंह एवं शिक्षारत्न डॉ. पारस जैन ने किया।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अथक मेहनत, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और प्रत्येक कार्य को पूरी एकाग्रता के साथ करना आवश्यक है। एनसीसी का प्रशिक्षण विद्यार्थियों में इन गुणों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि आपके अगले तीन साल की मेहनत यह तय करेगी कि आप अपने जीवन के अगले 50 साल किस दिशा में और किस तरह बिताना चाहते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को वर्तमान समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई, कौशल विकास और अपने भविष्य के निर्माण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कैडेट्स से संवाद करते हुए कोऑपरेटिव लर्निंग अर्थात सहयोगात्मक एवं सामूहिक सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं।

एसपी ने कहा कि जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। अनुशासित रहकर ही व्यक्ति अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर सकता है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी तैयार करता है। सामूहिक प्रयास, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच के माध्यम से जीवन की बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजवेलु ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पीआई इंस्ट्रक्टर, एएनओ स्टाफ एवं प्रशिक्षण स्टाफ सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

Exit mobile version