Latest

भोपाल में धरना देने कटनी से कल रवाना होगा लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी का जत्था, प्रदेश की विभिन्न मांगों को लेकर नीलम पार्क में होगा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

कटनी(YASHBHARAT.COM)। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी (मध्यप्रदेश) के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश की विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना 9 दिसम्बर 2025 दिन मंगलवार को भोपाल के नीलम पार्क में दिया जाएगा। इस एक दिवसीय धरने में शामिल होने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विन्देश्वरी पटेल के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता कल 8 दिसंबर को कटनी से प्रस्थान करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विन्देश्वरी पटेल ने बताया कि एक दिवसीय धरना प्रदेश की जिन मांगों को लेकर दिया जा रहा है। उसमें कटनी और भिंड जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज खोले जाने, मध्य प्रदेश के शहडोल व कटनी सहित प्रदेश के दूसरे जिलों में शासकीय जमीनों में भू माफियाओं द्वारा किए गए कब्जे तत्काल हटाए जाएं और उनके विरुद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग शामिल है। इसके अलावा बरही-मैहर मार्ग पर बने महानदी पुल को तत्काल शुरू किया जाए, जिससे लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके। बुजबुजा और डोकरिया ग्राम में जबरदस्ती बेलस्पन पावर प्लांट के नाम पर किसानो की भूमि कंपनी के नाम दर्ज की गई है, जिसको पूर्व की तरह किसानों के नाम पर दर्ज की जाए। इसी तरह भिंड में बरुआ नगर के दबंगों ने आम रास्ते पर कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया, उस कब्जे को हटाकर आमजन के लिए रास्ता खोला जाए तथा कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्रियो के द्वारा अनेकों बार अतिथि विद्वानों को दिए गए आश्वासन के बावजूद भी अभी तक उनके नियमितीकरण की कार्रवाई नहीं हुई जबकि अनेकों अतिथि विद्वान दशकों से पढ़ा रहें हैं अतिथि विद्वानों को सरकार समयबद्ध सीमा में नियमित करे। बार-बार घोषणा के बावजूद भी सरकारों ने किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध नहीं कराया, जिसके चलते किसानों की बोनी समय पर नहीं हो पाई है। पार्टी सरकार से मांग करती है कि सरकार द्वारा हर फसल की बोनी के एक माह के पूर्व किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाए तथा खाद वितरण पंचायत के माध्यम से हो ताकि किसानों को शहर के चक्कर न काटने पड़े। इसी तरह प्रदेश के कई इलाकों में अति वर्षा से फसल नष्ट हुई हैं। फसल नष्ट होने से पीडि़त किसानों को 20 हजार रूपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए ताकि किसान समय पर खाद बीज की व्यवस्था कर सकें। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विन्देश्वरी पटेल ने कहा कि इन्ही सब मांगों को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में एक दिवसीय धरना 9 दिसंबर को दिया जाएगा। जिसमें शामिल होने कटनी से भी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकत्ताओं का जत्था कल 8 दिसंबर को भोपाल रवाना होगा।

Back to top button