Site icon Yashbharat.com

निगमायुक्त की हिदायत का दिखा असर, अतिक्रमण अमला हुआ सक्रिय, प्रमुख चौराहों से हटाए बैनर-पोस्टर, पर्वों के मद्देनजर मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

IMG 20261011 WA0076

निगमायुक्त की हिदायत का दिखा असर, अतिक्रमण अमला हुआ सक्रिय, प्रमुख चौराहों से हटाए बैनर-पोस्टर, पर्वों के मद्देनजर मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

कटनी। नगर के मुख्य मार्गों पर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर निगम का अतिक्रमण अमला सक्रिय हो गया है। निगमायुक्त द्वारा शुक्रवार देर शाम मुख्य मार्गों के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन में अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के निर्देशन में मिशन चौक, जगन्नाथ चौक एवं गांधी द्वार थाना तिराहा से अनाधिकृत रूप से लगाए गए बैनर-पोस्टर हटाने की कार्रवाई की गई।

 

अतिक्रमण प्रभारी ने बताया कि प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर बिना अनुमति लगाए गए बैनर-पोस्टर न केवल नगर की सुंदरता प्रभावित करते है, बल्कि दृश्यता बाधित होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान लगभग पोल सहित 8 बैनर निकलवाकर सुरक्षित रूप से कार्यालय में रखवाने की कार्यवाही की गई।

 

*पर्वों के मद्देनजर बाजार क्षेत्रों में भी सख्ती*

 

आगामी पर्वों के दौरान सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने एवं नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण विभाग की पृथक-पृथक टीमों का मिशन चौक से आजाद चौक होते हुए झंडा बाजार, गोले बाजार सहित मुख्य स्टेशन मार्ग में अभियान जारी रहा। इस आजाद चौक से झंडा बाजार मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित ढंग से सामग्री रखकर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध जब्ती की कार्रवाई भी की जाकर संबंधित दुकानदारों एवं व्यवसायियों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि वे सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करें और निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करें।

 

नगर निगम द्वारा मुख्य मार्गों, चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके और नगर की सार्वजनिक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित बनी रहें।

 

Exit mobile version