कजलिया मेले की तैयारियों को लेकर निगम ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व,मेला के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश आदि की रहेगी व्यवस्था विशेष

कजलिया मेले की तैयारियों को लेकर निगम ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व,मेला के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश आदि की रहेगी व्यवस्था विशे
कटनी – निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कजलिया मेले के आयोजन को लेकर नगर पालिक निगम कटनी से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता को प्रभारी नियुक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं।
अध्यक्ष,सचिव, बारडोली उत्सव समिति, कटनी के पत्र के अनुक्रम में 29 एवं 30 अगस्त 2026 को श्री समीर राम मंदिर के समीप गाटरघाट, कटनी में कजलिया मेले का आयोजन किया जाना है। मेले में आने वाले नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार मेले के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था, सड़क प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल के लिए पानी टैंकर की व्यवस्था तथा गड्ढों की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था के तहत पर्याप्त डस्टबिन एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलने देने के लिए निगरानी रखी जाएगी। वहीं नागरिकों की सुविधा और रात्रिकालीन आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल की उपलब्धता के लिए पानी टैंकर की व्यवस्था के साथ ही पहुंच मार्गों पर मौजूद गड्ढों की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं।
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन स्थल पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण बना रहे।








