Latest

जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने जाहिर की चिंता, एसपी की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल, संयुक्त प्रेस कांफ्रेस में जिला कांग्रेस कमेटी के शहर व ग्रामीण अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

कटनी(YASHBHARAT.COM)। जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त शहर व ग्रामीण अध्यक्षों ने आज संयुक्त प्रेस कांफ्रेस करकेे जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर करते हुए पुलिस की मौजूदा कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के व्यवहार को असंतोष जनक बताया। बरगवां स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के नवीन कार्यालय परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता जिला कांग्रेस कमेटी(ग्रामीण) अध्यक्ष सौरभ सिंह व जिला कांग्रेस कमेटी(शहर) अध्यक्ष अमित शुक्ला ने बारी-बारी से संबोधित किया और कहा कि मौजूदा पुलिस की कार्यप्रणाली से अपराधियों के बीच कम तथा आम जनमानस के बीच ज्यादा भय है। हथियार बंद चोर गिरोह प्रतिदिन शहर से लेकर उपनगरीय क्षेत्रों में रात के समय गश्त कर रहा है लेकिन जिले की पूरी पुलिस उस गिरोह को पकड़ नहीं पा रही है। कांग्रेस अध्यक्षों ने अपने साझा बयान में कहा कि रात के समय शहर से लेकर उपनगरीय क्षेत्रों पर स्थित प्रमुख चौराहों व तिराहों पर फिक्स प्वाइंट बनाकर पुलिस बल की तैनाती की जाए। जिससे रात के समय किसी काम से घर के निकलने वालों के मन में सुरक्षा की भावना हो। कांग्रेस की कमान संभालने के बाद पहली बार पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला एवं सौरभ सिंह ने आम जनता की समस्याओं को लेकर वृहद स्तर पर आंदोलन की बात कही है। अध्यक्ष द्वय ने कहा कि पूरा शहर समस्याओं के मकड़जाल में घिरा हुआ है। चाहे शिक्षा की बात हो या फिर स्वास्थ्य का मसला हो या फिर कानून व्यवस्था का सवाल हो, हर मोर्चें पर सरकार और उसका पूरा प्रशासन तन्त्र फेल हो चुका है। जिसके परिणामस्वरूप आम जनता कई तरह की समस्याओं से जूझ रही है। पत्रकारवार्ता में ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए संगठन सृजन अभियान के तहत एक नई सोच के साथ कांग्रेस की नई टीम गठित की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के काम है कि वो आम जनता की समस्याओं को लेकर मुखर रहना लेकिन कटनी की बात करें तो ऐसा लगता है कि यहां जनप्रतिनिधियों को आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने मेडिकल कालेज और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी अपनी बात रखी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि कटनी शहर में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। छोटे-छोटे कामों को लेकर लोगों को भटकना पड़ता है। शहर में चल रहे अवैध उत्खनन के खिलाफ  जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मामले में जनप्रतिनिधियों ने भी चुप्पी साध रखी है। श्री शुक्ला ने स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसको लेकर भी आंदोलन किया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी 12 सितम्बर को बिजली दफ्तर का घेराव किया जाएगा। श्री शुक्ला ने कहा कि पिछले 20 सालो से प्रदेश में भाजपा की सरकार है लेकिन कटनी में अब तक मेडिकल कालेज नहीं बन सका है। विधानसभा चुनाव के पहले सरकारी मेडिकल कालेज की घोषणा की गई लेकिन बाद में इसे पीपीपी मोड में बदल दिया गया है। इसको लेकर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता को वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियदर्शन गौर, कटनी जिले के प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी ने भी संबोधित किया। पत्रकार वार्ता का संचालन पूर्व अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने किया। पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, महेंद्र जैन, गणेश राव, डॉ आनंद पटेल, प्रेम बत्रा, बी.एम.तिवारी, रामनरेश त्रिपाठी, रूस्तम भाई, प्रशांत जायसवाल, राजा जगवानी, शुभम मिश्रा सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

Back to top button