बीमार वृद्ध दंपति के पास बेटे की तरह साथ खड़े रहे कलेक्टर,अम्मा-दादा को खुद डॉक्टर के कमरे तक ले गए, जांच पूरी होने तक रहे साथ,कलेक्टर ने कोरी दंपत्ति के इलाज और बीपीएल कार्ड बनवाने के दिए निर्देश

बीमार वृद्ध दंपति के पास बेटे की तरह साथ खड़े रहे कलेक्टर,अम्मा-दादा को खुद डॉक्टर के कमरे तक ले गए, जांच पूरी होने तक रहे साथ,कलेक्टर ने कोरी दंपत्ति के इलाज और बीपीएल कार्ड बनवाने के दिए निर्दे

 

कटनी (27अगस्त) – कभी-कभी किसी बड़ी व्यवस्था की पहचान बड़े फैसलों से नहीं, बल्कि किसी बुजुर्ग के कंधे के पास खड़े होकर पूछे गए एक छोटे-से सवाल से होती है—“दादा, क्या तकलीफ है?”

 

कन्हवारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को ऐसा ही एक भावुक दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की नजर इलाज के लिए आए वृद्ध कोरी दंपत्ति पर पड़ी। कलेक्टर उनके पास जा पहुंचे, आत्मीयता से हाल-चाल पूछा और स्वास्थ्य की परेशानी जानी। फिर जो हुआ, वह महज एक प्रशासनिक निरीक्षण नहीं था।

 

अम्मा-दादा को खुद डॉक्टर के कमरे तक ले गए

कन्हवारा निवासी 60 वर्षीय सोनाबाई कोरी और 65 वर्षीय हरिदास कोरी को कलेक्टर श्री तिवारी स्वयं डॉक्टर कक्ष तक लेकर गए। स्वास्थ्य परीक्षण शुरू हुआ तो कलेक्टर बेटे की तरह…वहीं खड़े रहे। उन्होंने चिकित्सकों से ऐसे सवाल किए, जैसे कोई बेटा अपने बुजुर्ग माता-पिता की बीमारी के बारे में पूछता है।

 

“अम्मा को क्या परेशानी है?” फिर उन्होंने दादा हरिदास कोरी की तबीयत के बारे में भी जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि सोनाबाई कोरी को काफी समय से बुखार आने के कारण हड्डियों से संबंधित परेशानी है। हरिदास कोरी भी हड्डियों की समस्या से पीड़ित हैं। कलेक्टर ने दोनों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। लेकिन उनकी चिंता इलाज तक ही सीमित नहीं रही।

 

बीपीएल कार्ड भी बनेगा, ताकि सहारा और मजबूत हो

कलेक्टर श्री तिवारी ने मौके पर मौजूद पटवारी को निर्देश दिए कि कोरी दंपत्ति का बीपीएल कार्ड बनवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

टीबी से जूझ रही महिला के लिए दवा के साथ पोषण की चिंता

इसी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के पहुंची कन्हवारा की एक महिला टीबी रोग से पीड़ित थी। कलेक्टर ने उससे भी बात की और पूछा कि उसे शासन से मिलने वाली निःशुल्क दवाइयां नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं।

 

महिला के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह को उसके लिए पोषण आहार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चे के टीकाकरण के भी निर्देश दिए। क्योंकि बीमारी में लड़ाई केवल दवाइयों से नहीं, पोषण और हौसले से भी लड़ी जाती है।

 

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, तहसीलदार श्री अजीत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version