Latest

कोहरे की चादर से लिपटा शहर, गलन से छूटी कंपकंपी

कटनी। कोहरे के कारण सोमवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह कोहरे की चादर में शहर लिपटा रहा और गलन बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। कोहरे के चलते जनजीवन अस्त व्यवस्त हो गया और वाहनों की रफ्तार भी थम गई। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह कडकड़़ाती ठंड पड़ने का अनुमान है। नए साल की शुरुआत के बाद से सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर जिले में भी दिखाई दे रहा है। आज सोमवार सुबह घने कोहरे, शीतलहर और धूप न निकलने के कारण गलन बढ़ गई और लोग सर्दी में ठिठुरते रहे। कोहरे ने बादलों की तरह आसमान को ढके रखा, जिस कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने से गाड़ियां रेंगने लगी। लोगों को सुबह धूप के दर्शन नहीं हो सके। कोहरा और सर्दी के कारण लोग घरों में रहे। सर्दी से बचाव के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। गलन बढ़ने के कारण लोगों की कंपकंपी छूटती रही।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी सर्दी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। तापमान में गिरावट और गलन बढ़ने से ठिठुरन और बढ़ेगी और सर्दी लोगों को परेशान करेगी।

कोहरे के साथ बढ़ने लगा एक्यूआई

हवा की गति कम होने और कोहरे के कारण क्षेत्र का प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। पिछले तीन दिन पहले एक्यूआई 100 से नीचे चल रहा था। जबकि अब कोहरा अधिक होने के कारण इसमें बढ़ोत्तरी शुरू हो गई है। रविवार को यह 125 रहा, जबकि सोमवार को यह बढ़कर 145 हो गया। कोहरा इसी प्रकार पड़ता रहा तो आने वाले दिनों में इसकी स्थिति और खराब होने की आशंका है।

Back to top button